लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कन्नौज में पकड़े गए सोने को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अखिलेश यादव ने दावा किया कि पुलिस ने एक कार से 26 किलो सोने के बिस्कुट बरामद किए थे, लेकिन सरकारी तौर पर केवल 10 किलो सोना ही दिखाया गया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “दस दिखाया, सोलह गटकाया।”
26 किलो सोने में 16 किलो कहां गया?
अखिलेश यादव ने कहा कि उनके सूत्रों के मुताबिक कन्नौज में पुलिस की गाड़ी से हुए हादसे के बाद कार सवार भागने लगे थे। पुलिस ने पीछा कर कार से एक-एक किलो के 26 सोने के बिस्कुट बरामद किए। उनका आरोप है कि इसके बावजूद केवल 10 किलो सोने के बिस्कुट दिखाए गए। अखिलेश ने इसे भाजपा सरकार की पुलिस की “माया” बताया और 16 किलो सोने को लेकर सवाल खड़ा किया।
सोने की जगह पीली धातु दिखाने का भी तंज
सपा अध्यक्ष ने कहा कि कहीं ऐसा न हो कि पुलिस दिखाए गए सोने के बिस्कुट को भी सरकारी रिकॉर्ड में पीली धातु के रूप में दर्ज कर दे। उन्होंने तंज करते हुए कहा कि बाद में इन सोने के बिस्कुटों को पीतल के बिस्कुट से बदलकर बाकी सोना भी गायब कर दिया जाए।
‘ऊपर से नीचे तक धांधलेबाजी और लूट’ का आरोप
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार में ऊपर से नीचे तक धांधलेबाजी, कमीशनखोरी और लूट चल रही है। उन्होंने कहा कि झूठे मुकदमे, झूठे आरोप और फर्जी मुठभेड़ों के आरोपों के चलते पुलिस की छवि पहले ही खराब हो चुकी है।
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे और प्रयागराज को लेकर भी हमला
अखिलेश यादव ने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि चार हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बने इस एक्सप्रेसवे में गड्ढों और सड़क टूटने की स्थिति गंभीर है। इसके अलावा प्रयागराज में कुंभ समेत विभिन्न कार्यों में करीब एक लाख करोड़ रुपये के बजट का उल्लेख करते हुए उन्होंने शहर की मौजूदा स्थिति पर भी सवाल उठाए।