Trending News

मुंबई में तुकाराम मुंढे का बड़ा एक्शन! नामी क्लब, जेप्टो समेत 6 प्रतिष्ठानों पर चला चाबुक, जांच में जो मिला उसने बढ़ा दी चिंता

मुंबई: मुंबई में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त तुकाराम मुंढे के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान में नामी क्लब, ऑनलाइन डिलीवरी डार्क स्टोर और कई प्रतिष्ठानों में गंभीर अनियमितताएं मिलने के बाद 6 फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए। जांच के दौरान कहीं प्रतिबंधित एनालॉग पनीर मिला तो कहीं एक्सपायर्ड रंगों से केक तैयार किए जा रहे थे। कई जगह गंदगी, खराब रखरखाव और खाद्य सुरक्षा नियमों की खुली अनदेखी भी सामने आई।

एफडीए की कार्रवाई 17 अगस्त को किए गए निरीक्षण के दौरान हुई। राज्यभर में 11 स्थानों पर छापेमारी में कुल 1.07 करोड़ रुपये से अधिक का अवैध और मिलावटी खाद्य भंडार भी जब्त किया गया। अधिकारियों का कहना है कि अभियान का उद्देश्य लोगों तक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन पहुंचाना है।

ऑटर्स क्लब में मिली गंभीर खामियां

बांद्रा के कार्टर रोड स्थित ऑटर्स क्लब के निरीक्षण में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच के दौरान महाराष्ट्र में प्रतिबंधित एनालॉग पनीर का इस्तेमाल पाया गया। इसके अलावा रसोई में टूटी टाइल्स, जाम ड्रेनेज और खराब रेफ्रिजरेशन व्यवस्था भी मिली, जिसे खाद्य सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन माना गया।

जेप्टो डार्क स्टोर में तापमान मानकों की अनदेखी

चेंबूर स्थित जेप्टो के डार्क स्टोर में खाद्य सामग्री तय तापमान पर सुरक्षित नहीं रखी जा रही थी। निरीक्षण में नॉन-वेज चिल्ड फूड और फ्रोजन फूड निर्धारित मानकों से अलग तापमान पर मिला। इसके अलावा फर्श पर तेल का रिसाव, गंदे एग्जॉस्ट और कीटों की आशंका जैसी खामियां भी सामने आईं।

बेकरी और तेल कारोबारी के यहां भी मिली गंदगी

दहिसर स्थित डेली फ्रेश बेकर्स में केक अस्वच्छ फर्श पर तैयार किए जा रहे थे। जांच के दौरान एक्सपायर्ड फूड कलर, जंग लगे ओवन और कॉकरोच व मक्खियों की मौजूदगी भी दर्ज की गई। वहीं विलेपार्ले की राज ऑयल ट्रेडिंग में खाद्य तेल के पैकेट चूहों के कुतरे हुए मिले और गोदाम से तेज बदबू आने की बात सामने आई।

दो और प्रतिष्ठानों के लाइसेंस भी निलंबित

एफडीए ने खार स्थित प्रिंस ऑफ वेल्स रेस्टोरेंट और अंधेरी के कैफे सिफारिश के खिलाफ भी कार्रवाई की। विभाग के अनुसार दोनों प्रतिष्ठानों में गंभीर अस्वच्छता मिली और पहले जारी किए गए सुधार नोटिस का पालन नहीं किया गया था। इसके बाद दोनों के फूड लाइसेंस निलंबित कर दिए गए।

फिल्म सिटी के कैफे तक पहुंची जांच

गोरेगांव स्थित फिल्म सिटी के बॉलीवुड कैफे में भी एफडीए की टीम ने निरीक्षण किया। यहां स्वच्छता संबंधी गंभीर खामियां सामने आने के बाद फिल्म सेट पर क्रू और कर्मचारियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इससे पहले एफडब्ल्यूआईसी ने भी इस मुद्दे पर एफडीए आयुक्त को पत्र लिखकर चिंता जताई थी।

फिल्म उद्योग में भोजन की गुणवत्ता पर उठे सवाल

एफडब्ल्यूआईसी के पदाधिकारियों का कहना है कि कई बार तकनीशियन और दिहाड़ी कर्मचारी खराब भोजन मिलने के बावजूद शिकायत नहीं कर पाते, क्योंकि उन्हें काम छिनने का डर रहता है। संगठन ने फिल्म उद्योग में भोजन की गुणवत्ता और पूरी खानपान व्यवस्था की व्यापक जांच की मांग की है।

निर्माताओं ने सुरक्षा मानकों का किया बचाव

कुछ फिल्म निर्माताओं और निर्देशकों ने दावा किया कि उनकी टीम रोज भोजन की गुणवत्ता की जांच करती है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाती। उनका कहना है कि सेट पर स्वच्छ और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।

गुटखा तस्करी पर भी कसा शिकंजा

विशेष अभियान के दौरान नाशिक, पुणे, नागपुर और कोंकण में प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाला तस्करी के मामलों में 7 एफआईआर दर्ज की गईं और 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पालघर के चारोटी नाके पर अस्वच्छ कोलोस्ट्रम दूध नष्ट कराया गया, जबकि पुणे के ‘होटल चुल मटन’ का लाइसेंस भी रद्द कर दिया गया।

मुंढे बोले- मिलावट और गंदगी पर जीरो टॉलरेंस

महाराष्ट्र एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे ने कहा कि नागरिकों को सुरक्षित और शुद्ध भोजन उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मिलावटखोरी और खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति आगे भी जारी रहेगी।

vineet verma

Recent Posts

19 अगस्त 2026 पंचांग: शीतला सप्तमी और तुलसीदास जयंती का शुभ संयोग, जानें पूजा मुहूर्त और राहुकाल का समय

नई दिल्ली: 19 अगस्त 2026, बुधवार का दिन धार्मिक दृष्टि से बेहद खास रहने वाला…

37 minutes ago

19 अगस्त 2026 राशिफल: मेष से मीन तक जानें कैसा रहेगा आज का दिन, किस राशि को मिलेगा लाभ और किसे रहना होगा सावधान

नई दिल्ली: 19 अगस्त 2026 का दिन कुछ राशियों के लिए प्रगति और आर्थिक लाभ…

39 minutes ago

शराब, मारपीट और हैवानियत… पत्नी ने खोली पति की क्रूरता की परतें, आरोप सुन पुलिस के भी उड़ गए होश

बांदा: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से घरेलू हिंसा का एक बेहद गंभीर मामला सामने…

50 minutes ago

ममता बनर्जी को कोर्ट से बड़ा झटका! बंगाल की सियासत में नहीं बदलेगा शक्ति संतुलन, ऋतब्रत बनर्जी पर हाईकोर्ट ने लगाई मुहर

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति में ममता बनर्जी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा…

55 minutes ago

एक अलर्ट… और थम गई रफ्तार! UAE में ऐसा क्या हुआ कि सरकार को जारी करनी पड़ी रेड वार्निंग?

दुबई: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में संभावित मिसाइल खतरे को लेकर मंगलवार को कुछ समय…

1 hour ago