कोलकाता: चोरबागान दुर्गापूजा पंडाल में भगदड़ की घटना को लेकर तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने बीजेपी प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। पार्टी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर दावा किया कि हादसे के समय मौके पर पुलिसकर्मी, स्वयंसेवक और एंबुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। टीएमसी ने घटना को लेकर जवाबदेही तय करने और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से इस्तीफे की मांग की है।
TMC ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
तृणमूल कांग्रेस ने एक्स पर कहा कि स्थानीय लोगों के मुताबिक, भगदड़ के समय मौके पर न तो पुलिसकर्मी मौजूद थे, न स्वयंसेवक और न ही एंबुलेंस की व्यवस्था थी। पार्टी ने भीड़ को नियंत्रित करने के इंतजामों पर भी सवाल उठाए और कोलकाता पुलिस तथा बीजेपी प्रशासन से जवाब मांगा।
टीएमसी ने कहा कि लोगों की सुरक्षा को हल्के में नहीं लिया जा सकता। पार्टी ने सवाल किया कि हादसे की जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा। उसने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से जवाबदेही स्वीकार करने और इस्तीफा देने की मांग भी की।
बारिश के बीच बढ़ी भीड़, सड़क पर गिरे लोग
उत्तरी कोलकाता के चोरबागान दुर्गापूजा पंडाल में शनिवार शाम बारिश के बीच अचानक भीड़ बढ़ने से भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। रिपोर्ट के मुताबिक, पंडाल के बाहर दर्शन के लिए इंतजार कर रहे लोग बारिश शुरू होने पर आगे बढ़ने लगे। इस दौरान कुछ लोग सड़क पर गिर गए और उनके पीछे आ रही भीड़ के कारण हालात बिगड़ गए।
इस घटना में 17 लोगों की मौत और 35 लोगों के घायल होने की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे। मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल, स्वास्थ्य मंत्री सरदवत मुखर्जी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। घटनास्थल पर आपदा प्रबंधन कर्मियों को तैनात किया गया।
ममता बनर्जी ने जताया दुख
पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चोरबागान पूजा पंडाल में भगदड़ की खबर पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी से उन्हें गहरा सदमा पहुंचा है। ममता बनर्जी ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने और उनके परिवारों को इस मुश्किल समय में हिम्मत मिलने की कामना की।
टीएमसी ने इस घटना को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कोलकाता पहुंचने वाले दिन से जोड़ते हुए भी राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।