नई दिल्ली: जून की तपती गर्मी से बेहाल उत्तर भारत के लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और राजस्थान समेत कई राज्यों में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में मौसम के मिजाज में बदलाव का संकेत दिया है। दिल्ली-एनसीआर सहित कई इलाकों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है।
दिल्ली-NCR में गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक 11 और 12 जून को दिल्ली-एनसीआर में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज आंधी चलने और हवाओं की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश और तेज हवाओं के असर से 12 जून को दिल्ली का अधिकतम तापमान घटकर 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम का मिजाज
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से दिल्ली-एनसीआर के मौसम में बदलाव देखने को मिला है। मंगलवार को कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखा गया। वहीं बुधवार रात गाजियाबाद और नोएडा में भी तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। छिटपुट बारिश के चलते तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई।
इन राज्यों तक पहुंच चुका है मॉनसून
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून लगातार आगे बढ़ रहा है और देश के कई हिस्सों को कवर कर चुका है। मौसम विभाग के अनुसार मॉनसून फिलहाल इन क्षेत्रों तक पहुंच चुका है—
- केरल
- गोवा
- तमिलनाडु के अधिकांश हिस्से
- कर्नाटक के बड़े इलाके
- महाराष्ट्र के कुछ क्षेत्र
- आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्से
- तेलंगाना के कुछ इलाके
- पूर्वोत्तर भारत के सभी राज्य
कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 5 से 7 दिनों के दौरान केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 11 और 12 जून को उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में भी बारिश होने की संभावना है।
आंधी, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की भी चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है, जिसके चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।