उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य की भर्ती प्रक्रिया, खेल नीतियों और कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और पूर्ववर्ती सपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले समाजवादी पार्टी ने प्रदेश में 10 लाख गुंडे पाल रखे थे, जो प्रदेश की बेटियों के लिए बड़ा खतरा थे।
साथ ही, विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी के गुंडे प्रदेश में दंगे करवाते थे, गरीबों की जमीन पर कब्जा करते थे और लूटपाट किया करते थे। उन्होंने भू-माफियाओं के खिलाफ चलाए गए सख्त अभियानों का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में कानून का राज स्थापित किया गया है, जिससे विकास के नए रास्ते खुले हैं। वहीं, सीएम ने कहा कि हमने पिछले 10 सालों में उत्तर प्रदेश के 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं, जिसने यूपी को एक नई पहचान दी है।