नई दिल्ली: संसद का बजट सत्र इन दिनों काफी गरमाया हुआ है। इसी बीच बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ बड़ा कदम उठाते हुए उनकी सदस्यता रद्द करने की नोटिस दे दी है। दुबे ने ‘सब्सटेंटिव मोशन’ के जरिए मांग की है कि राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता खत्म की जाए और उन्हें आजीवन चुनाव लड़ने से भी रोका जाए।
पूरा विवाद राहुल गांधी के 11 फरवरी को संसद में दिए गए भाषण के बाद शुरू हुआ। बजट 2026-27 पर चर्चा के दौरान राहुल ने मोदी सरकार पर अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौते को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि यह समझौता एकतरफा है और इससे भारत के किसानों, उद्योग और ऊर्जा सुरक्षा पर असर पड़ेगा। राहुल ने यहां तक कह दिया कि “आपने भारत को बेच दिया” और सरकार पर किसानों को खतरे में डालने का आरोप लगाया।
राहुल के भाषण के बाद बीजेपी ने पलटवार किया। निशिकांत दुबे ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशी ताकतों के प्रभाव में काम कर रहे हैं और संसद में बेबुनियाद बयान देकर देश को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह विशेषाधिकार प्रस्ताव नहीं बल्कि एक ठोस प्रस्ताव है, जिस पर चर्चा के बाद सदस्यता रद्द करने की मांग की जाएगी।
संसद में इस मुद्दे पर हंगामा भी हुआ। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल के बयानों को निराधार बताया, वहीं कांग्रेस ने इसे तथ्य आधारित और सरकार की नीतियों पर सीधा सवाल कहा। सोशल मीडिया पर भी राहुल का भाषण तेजी से वायरल हो रहा है, जहां समर्थक उन्हें किसानों और राष्ट्रीय हित के मुद्दे उठाने के लिए सराह रहे हैं।
अब देखना यह होगा कि यह मोशन चर्चा तक पहुंचता है या नहीं, और अगर पहुंचता है तो आगे की संवैधानिक प्रक्रिया क्या मोड़ लेती है। फिलहाल इतना तय है कि बजट सत्र में सरकार और विपक्ष के बीच टकराव और तेज होने वाला है।