नई दिल्ली: आज शाम 5 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशवासियों को संबोधित करेंगे. हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं आई है, लेकिन अनुमान लगाया जा रहा है कि इस भाषण में पीएम मोदी जीएसटी सिस्टम में हाल ही हुए बड़े बदलाव और 22 सितंबर से शुरू हो रहे नवरात्रि पर्व को लेकर अहम बातें जनता के साथ साझा कर सकते हैं.
जीएसटी कटौती का सीधा फायदा आम आदमी की जेब पर
सरकार ने हाल ही में जीएसटी दरों में बदलाव किया है, जिसका असर आम लोगों को सीधे दिखाई देगा. अब रोज़मर्रा में इस्तेमाल होने वाले सामान जैसे घी, मक्खन, पनीर, नमकीन, जैम, केचप, ड्राई फ्रूट्स, कॉफी और आइसक्रीम पहले से सस्ते हो जाएंगे. साथ ही टीवी, एसी और वॉशिंग मशीन जैसी महंगी इलेक्ट्रॉनिक वस्तुएं भी अब कम कीमत में मिलेंगी. कई FMCG कंपनियों ने पहले ही ऐलान कर दिया है कि वे अपने प्रोडक्ट्स की कीमतें घटा रही हैं.
GST 2.0: टैक्स स्लैब हुआ सरल
सरकार ने GST 2.0 के तहत टैक्स स्ट्रक्चर को आसान बनाया है. अब सिर्फ दो स्लैब रह गए हैं – 5% और 18%, जबकि पहले मौजूद 12% और 28% टैक्स स्लैब को हटा दिया गया है.
- 12% वाले सामान को अब 5% टैक्स स्लैब में रखा गया है.
- 28% वाले भारी टैक्स वाले सामान अब 18% स्लैब में आए हैं.
- कुछ जरूरी सामानों पर GST शून्य प्रतिशत (0%) कर दिया गया है.
जनता की नजरें पीएम मोदी के भाषण पर टिकी
इन बदलावों का असर 22 सितंबर से दिखाई देगा, यानी अब कई वस्तुएं सस्ती हो जाएंगी और आम लोगों को राहत मिलेगी. इस भाषण में लोग यह भी जानने की कोशिश करेंगे कि नवरात्रि को ध्यान में रखते हुए सरकार किन और बड़े फैसलों की घोषणा कर सकती है.