गोवा: दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन से फिल्म जगत और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर है। 75 वर्षीय अभिनेता को अचानक सीने में दर्द हुआ था। गोवा के मणिपाल अस्पताल में गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे उन्हें मृत घोषित किया गया। अस्पताल के डॉक्टर डॉ. शेखर सालकर ने बताया कि नाना को बचाने की पूरी कोशिश की गई, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
रात 2:30 बजे दोस्त को किया था मैसेज
डॉक्टर के मुताबिक, नाना पाटेकर के साथ उस समय घर पर परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। उनके साथ दोस्त और केयरटेकर थे। रात करीब 2:30 बजे नाना ने अपने एक दोस्त को मैसेज भेजकर बताया था कि उनकी तबीयत ठीक नहीं लग रही है और उन्हें अच्छा महसूस नहीं हो रहा।
रात का समय होने के कारण दोस्त उस वक्त मैसेज नहीं देख सका। बाद में उसने नाना को फोन किया और करीब 4 बजे उनके घर पहुंचा। उस समय नाना को काफी पसीना आ रहा था और उनकी हालत लगातार बिगड़ रही थी।
बेहोश होने लगे तो बुलाई गई एंबुलेंस
घर पहुंचने के बाद दोस्त ने नाना को संभालने की कोशिश की, लेकिन उनकी हालत बिगड़ती चली गई और वह धीरे-धीरे बेहोश होने लगे। इसके बाद उनके केयरटेकर को अस्पताल भेजा गया और एंबुलेंस बुलाई गई।
डॉक्टर ने बताया कि जब अस्पताल की इमरजेंसी टीम नाना के घर पहुंची, तब वह पूरी तरह से प्रतिक्रिया नहीं दे रहे थे। मेडिकल टीम ने तुरंत कार्डियक मसाज शुरू की और उन्हें इलाज के लिए मणिपाल अस्पताल ले जाया गया।
करीब 45 मिनट से एक घंटे तक बचाने की कोशिश
डॉक्टर के मुताबिक, नाना पाटेकर को सुबह करीब 4:20 से 4:30 बजे के बीच अस्पताल लाया गया था। उस समय तक उनकी हालत बेहद गंभीर थी। डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने के लिए करीब 45 मिनट से एक घंटे तक कार्डियक मसाज दी, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।
अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि नाना को जब अस्पताल लाया गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। उन्हें सुबह करीब 5:30 बजे मृत घोषित किया गया।
अचानक बिगड़ी तबीयत, परिवार और फैंस सदमे में
नाना पाटेकर को लेकर सामने आई जानकारी के मुताबिक, उन्हें पहले से किसी बीमारी की शिकायत नहीं थी और उनकी सेहत को लेकर कोई बड़ी समस्या सामने नहीं आई थी। अचानक सीने में दर्द और इसके बाद बिगड़ी तबीयत ने उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
नाना के आखिरी पलों की जानकारी सामने आने के बाद उनके प्रशंसक बेहद भावुक हैं। फिल्म जगत से जुड़े लोग और फैंस उनके निधन पर शोक जता रहे हैं और उनके लंबे फिल्मी करियर तथा दमदार अभिनय को याद कर रहे हैं।
अपने अभिनय से हमेशा याद किए जाएंगे नाना
नाना पाटेकर ने हिंदी और मराठी सिनेमा में अपने अभिनय की अलग पहचान बनाई। उन्होंने गंभीर किरदारों से लेकर हास्य भूमिकाओं तक कई तरह के पात्र निभाए और दर्शकों के बीच अपनी मजबूत जगह बनाई।
75 साल की उम्र में उनका निधन सिनेमा जगत के लिए बड़ी क्षति है। पर्दे पर निभाए उनके किरदार और फिल्मों में उनका प्रभावशाली अभिनय लंबे समय तक दर्शकों की यादों में बना रहेगा।