तेहरान: ईरान की राजधानी तेहरान के आसमान में दिखाई दी एक चमकती और रहस्यमयी वस्तु का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इसे लेकर तरह-तरह के दावे किए जा रहे हैं। कोई इसे एडवांस ड्रोन बता रहा है तो किसी के मुताबिक यह कोई सीक्रेट मिलिट्री एयरक्राफ्ट हो सकता है। कुछ लोग इसे UFO या एलियन स्पेसशिप तक बता रहे हैं। हालांकि, इस रहस्यमयी वस्तु की असल पहचान को लेकर अभी तक ईरानी अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
इस घटना ने करीब 50 साल पुराने एक चर्चित UFO मामले की यादें भी ताजा कर दी हैं। 19 सितंबर 1976 को तेहरान के आसमान में कुछ ऐसा ही रहस्यमयी घटनाक्रम सामने आया था, जब ईरानी एयरफोर्स के लड़ाकू विमानों के सिस्टम और हथियारों में कथित तौर पर गड़बड़ी आ गई थी।
1976 में शीमिरान इलाके के लोगों ने रात के आसमान में एक बेहद चमकीली और असामान्य वस्तु देखने का दावा किया था। इसके बाद अमेरिकी सरकार की एक डीक्लासिफाइड रिपोर्ट के मुताबिक, ईरानी एयरफोर्स ने जांच के लिए दो एफ-4 फैंटम फाइटर जेट भेजे थे।
पहले विमान के पायलट ने दावा किया था कि जैसे ही वह रहस्यमयी वस्तु के करीब पहुंचा, उसके विमान के सभी सिस्टम और कम्युनिकेशन ने काम करना बंद कर दिया। विमान के उस वस्तु से दूर जाने के बाद सिस्टम दोबारा सामान्य हो गए।
इसके बाद दूसरे एफ-4 फैंटम को भेजा गया। इस विमान ने उस ऑब्जेक्ट को रडार पर ट्रैक किया। इसी दौरान मुख्य वस्तु से एक छोटी वस्तु अलग होने की बात सामने आई। पायलट ने जब उस छोटी वस्तु पर निशाना साधने की कोशिश की तो उसके विमान के हथियार और कम्युनिकेशन सिस्टम कथित तौर पर फिर बंद हो गए।
यही वजह है कि 1976 की यह घटना आज भी सैन्य विमानों से जुड़े चर्चित UFO मामलों में गिनी जाती है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में रात के अंधेरे में आसमान में एक चमकती हुई वस्तु दिखाई दे रही है। यह कुछ समय तक आसमान में मंडराती नजर आती है, जिसके बाद इसे लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
कुछ सोशल मीडिया यूजर्स इसे मिलिट्री ड्रोन या ड्रोन के समूह से जोड़ रहे हैं। वहीं कुछ लोग इसे UFO यानी अनआइडेंटिफाइड एरियल फेनोमेना बता रहे हैं। हालांकि, अभी इनमें से किसी दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ यूजर्स इसे एलियन का अंतरिक्ष यान बता रहे हैं तो कुछ इसे आधुनिक सैन्य तकनीक से जोड़ रहे हैं।
एक यूजर ने मजाक में लिखा कि एलियंस भी अब सस्ती RGB लाइट्स का इस्तेमाल करने लगे हैं। एक अन्य यूजर ने इसे महिला एलियन द्वारा रंग-बिरंगे तरीके से सजाया गया अंतरिक्ष वाहन बताया। वहीं एक यूजर ने मजाक करते हुए कहा कि शायद एलियंस इस बार शांति समझौता कराने के लिए आए हैं।
फिलहाल ऐसा कोई पुख्ता सबूत सामने नहीं आया है जिससे यह साबित हो सके कि तेहरान के आसमान में दिखाई दी वस्तु किसी एलियन सभ्यता से जुड़ी है। इसकी पहचान को लेकर आधिकारिक पुष्टि भी नहीं हुई है।
यानी अभी यह साफ नहीं है कि वायरल वीडियो में दिखाई दे रही चमकती वस्तु वास्तव में क्या थी। लेकिन तेहरान के आसमान में इसकी मौजूदगी और 1976 की चर्चित घटना से इसकी तुलना ने एक बार फिर UFO को लेकर पुरानी बहस जरूर छेड़ दी है।
राजधानी दिल्ली में एक के बाद एक सामने आ रही जघन्य वारदातों ने महिला सुरक्षा…
लखनऊ / नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर चुनावी सरगर्मी तेज…
नई दिल्ली: कुदरत के नियमों के मुताबिक सेक्सुअल रिप्रोडक्शन में माता और पिता दोनों का…
शादी जिंदगी के सबसे अहम फैसलों में से एक है। रिश्ता तय करते समय अक्सर…
मुंबई: दिग्गज अभिनेत्री मौसमी चटर्जी ने बेहद कम उम्र में फिल्मों में कदम रखा और…
जलगांव: महाराष्ट्र के जलगांव जिले के रावेर में गणपति विसर्जन के दौरान रास्ता रोकने को…