मुंबई: सलमान खान अपनी दबंग छवि के लिए जाने जाते हैं, लेकिन उनके साथ काम कर चुके कलाकार अक्सर उनके सहज और संवेदनशील स्वभाव की मिसाल देते हैं। अब फिल्म बजरंगी भाईजान में पाकिस्तानी पुलिस अधिकारी का किरदार निभाने वाले अभिनेता मनोज बख्शी ने शूटिंग के दौरान का एक ऐसा किस्सा साझा किया है, जिसने सलमान खान के व्यवहार की एक अलग तस्वीर सामने रख दी।
मनोज बख्शी ने बताया कि यह घटना फिल्म में ‘मुन्नी’ का किरदार निभाने वाली बाल कलाकार हर्षाली मल्होत्रा से जुड़ी है। उनके मुताबिक, एक दृश्य की शूटिंग के दौरान सलमान खान ने करीब 20 बार अपना हाथ आगे किया ताकि हर्षाली अपने मुंह में मौजूद चिकन के टुकड़े उसी पर थूक सके।
चिकन वाले सीन की शूटिंग में आई थी परेशानी
एक बातचीत के दौरान मनोज बख्शी ने बताया कि फिल्म के एक दृश्य में मुन्नी को चिकन खाते हुए दिखाया जाना था। इसके लिए निर्देशक कबीर खान ने हर्षाली मल्होत्रा को चिकन चबाकर खाने का निर्देश दिया था। हालांकि, कभी उनके मुंह में छोटा टुकड़ा आ जाता तो कभी बड़ा, जिसकी वजह से वह ठीक से चबा नहीं पा रही थीं और कई बार उन्हें चिकन बाहर निकालना पड़ रहा था।
मनोज बख्शी के अनुसार, हर्षाली यह समझ नहीं पा रही थीं कि मुंह से निकाला हुआ चिकन कहां फेंकें। ऐसे में सलमान खान बार-बार अपना हाथ उनके सामने कर देते थे और कहते थे कि यहीं निकाल दो।
‘दूसरे के बच्चे के लिए ऐसा कम ही लोग करते हैं’
मनोज बख्शी ने बताया कि सलमान खान को ऐसा करते देखकर उन्होंने उनसे कहा कि यह किसी और का बच्चा है और वह अपने हाथ पर उससे चिकन थुकवा रहे हैं। इस पर सलमान खान ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “मैं ऐसा ही हूं यार।”
मनोज ने कहा कि यही सलमान खान की असली पहचान है। उनके मुताबिक, लोगों के बीच उनकी जो छवि बनी हुई है, उनका वास्तविक स्वभाव उससे काफी अलग है।
बच्चों के साथ सलमान खान का खास लगाव
मनोज बख्शी ने कहा कि सलमान खान बच्चों के साथ बेहद स्नेह और अपनापन रखते हैं। उनकी यही सहजता फिल्म की शूटिंग के दौरान भी साफ दिखाई देती थी। अभिनेता का कहना है कि सलमान का ऐसा व्यवहार उनकी बहन अर्पिता के बच्चों के साथ भी अक्सर देखने को मिलता है, जिसकी झलक कई तस्वीरों और वीडियो में भी नजर आती है।
‘बजरंगी भाईजान’ की सबसे बड़ी ताकत बनी थी सलमान और मुन्नी की केमिस्ट्री
फिल्म बजरंगी भाईजान में सलमान खान और हर्षाली मल्होत्रा के बीच दिखी भावनात्मक बॉन्डिंग को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। पर्दे पर दोनों के रिश्ते की मासूमियत और अपनापन फिल्म की सबसे बड़ी खासियतों में शामिल रहा। यही वजह थी कि यह फिल्म बड़ी ब्लॉकबस्टर साबित हुई और आज भी सलमान खान और ‘मुन्नी’ की यादगार केमिस्ट्री के लिए याद की जाती है।