नई दिल्ली: अब तैयार हो जाइए, क्योंकि आने वाले दिनों में ठंड सच में परेशान करने वाली है! भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने साफ कहा है कि उत्तर और मध्य भारत में तापमान तेजी से गिरेगा. वजह है – पहाड़ों पर बर्फबारी और ला नीना का असर. यानी इस बार की सर्दी लंबी भी होगी और ज्यादा ठंडी भी.
IMD की रिपोर्ट के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ की वजह से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी और बारिश शुरू हो चुकी है. इन इलाकों से चलने वाली ठंडी हवाएं अब मैदानों की ओर बढ़ रही हैं, जिसकी वजह से दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में तापमान 4 से 7 डिग्री तक नीचे चला गया है.
ला नीना का असर क्या है?
ला नीना दरअसल एक क्लाइमेट इवेंट है, जो तब होता है जब समुद्र का पानी ठंडा हो जाता है. इससे भारत में सर्दियां ज्यादा ठंडी पड़ती हैं. अमेरिकी मौसम एजेंसी NOAA के मुताबिक, नवंबर से दिसंबर 2025 के बीच ला नीना के बने रहने की 71% संभावना है. यानी इस बार सर्दी का असर जल्दी भी दिखेगा और देर तक रहेगा.
कहां-कहां पड़ेगी सबसे ज्यादा ठंड
राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, पंजाब, यूपी, दिल्ली-एनसीआर, गुजरात और उत्तराखंड — इन सब जगहों पर कोल्ड वेव (शीतलहर) की चेतावनी जारी है. राजस्थान के कुछ जिलों में पारा 10°C से नीचे पहुंच गया है, जबकि दिल्ली में भी सुबह-शाम कंपकंपी वाली ठंड शुरू हो गई है.
IMD का कहना है कि आने वाले दो हफ्तों में तापमान और गिरेगा. यानी अब गर्म कपड़े निकाल लीजिए, क्योंकि इस बार की सर्दी “दशकों की सबसे ठंडी सर्दी” बन सकती है!