नई दिल्ली: फलों को लंबे समय तक ताजा रखने के लिए उन्हें फ्रिज में रखना आम बात है। हालांकि, कई लोग फल काटकर बचा हुआ हिस्सा भी फ्रिज में स्टोर कर देते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, यह आदत हर फल के लिए सही नहीं होती। कुछ फल कटने के बाद तेजी से ऑक्सीडाइज होने लगते हैं, जिससे उनका स्वाद, बनावट और पोषण प्रभावित हो सकता है। वहीं, कुछ फलों में बैक्टीरिया पनपने का खतरा भी बढ़ जाता है, जिससे फूड पॉइजनिंग जैसी समस्या हो सकती है।
तरबूज को पहले से काटकर न रखें
विशेषज्ञ चेतना भल्ला के अनुसार, तरबूज में पानी की मात्रा बहुत अधिक होती है। कटने के बाद इसकी सतह हवा के संपर्क में आते ही बैक्टीरिया बढ़ने का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए तरबूज को तभी काटना बेहतर माना जाता है, जब उसे तुरंत खाना हो।
खरबूजा भी जल्दी हो सकता है खराब
खरबूजे में भी लगभग 90 प्रतिशत पानी होता है। लंबे समय तक कटा हुआ खरबूजा फ्रिज में रखने से उसकी सतह पर बैक्टीरिया पनप सकते हैं। साथ ही इसका टेक्सचर भी खराब होने लगता है।
कटा हुआ केला जल्दी काला पड़ने लगता है
केले को काटने के बाद उसमें ऑक्सीडेशन की प्रक्रिया शुरू हो जाती है। इससे उसका रंग काला पड़ने लगता है, बनावट नरम हो जाती है और स्वाद भी प्रभावित हो सकता है।
सेब में भी होता है ऑक्सीडेशन
कटा हुआ सेब कुछ ही समय में भूरा या काला पड़ने लगता है। यह ऑक्सीडेशन की सामान्य प्रक्रिया है। विशेषज्ञों का कहना है कि ताजा सेब खाने से ही उसके पोषक तत्वों का बेहतर लाभ मिल सकता है, इसलिए इसे खाने से ठीक पहले काटना बेहतर होता है।
संतरा और मौसंबी का विटामिन सी हो सकता है प्रभावित
संतरा और मौसंबी को छीलकर लंबे समय तक फ्रिज में रखने से इनमें मौजूद विटामिन सी की मात्रा कम हो सकती है। यदि कुछ समय के लिए रखना जरूरी हो, तो इन्हें एयरटाइट कंटेनर में रखना बेहतर विकल्प माना जाता है।
पपीता भी पहले से काटकर न रखें
पपीते में भी पानी की मात्रा अधिक होती है। लंबे समय तक कटा हुआ पपीता रखने से उसमें बैक्टीरिया बढ़ने का जोखिम बढ़ सकता है। इसके अलावा इसका स्वाद और बनावट भी पहले जैसी नहीं रहती।
कटे हुए फल स्टोर करते समय रखें इन बातों का ध्यान
यदि किसी कारणवश फल काटकर रखना जरूरी हो, तो उसे हमेशा साफ और एयरटाइट कंटेनर में रखें तथा जल्द से जल्द उपयोग कर लें। लंबे समय तक कटे हुए फल फ्रिज में रखने से उनकी गुणवत्ता और पोषण दोनों प्रभावित हो सकते हैं।