भारतीय क्रिकेट टीम शनिवार से श्रीलंका के खिलाफ गॉल में शुरू हो रहे दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में एक ऐतिहासिक पड़ाव पार करने जा रही है। 1932 में अपना पहला टेस्ट खेलने के बाद टीम इंडिया श्रीलंका के खिलाफ अपना 600वां टेस्ट मुकाबला खेलने उतरेगी।
मैच की पूर्व संध्या पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने प्लेइंग इलेवन के कॉम्बिनेशन और टीम की तैयारियों को लेकर कई अहम खुलासे किए।
प्रसिद्ध कृष्णा और सिराज की जोड़ी संभालेगी पेस अटैक
जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में मोहम्मद सिराज तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करेंगे। कप्तान गिल ने संकेत दिया कि नई गेंद से सिराज का साथ प्रसिद्ध कृष्णा निभा सकते हैं।
पेस बॉलिंग कॉम्बिनेशन पर बात करते हुए शुभमन गिल ने कहा:
“गुरनूर बराड़ पुरानी गेंद से बेहतरीन हैं और अच्छी गति से उछाल निकाल सकते हैं। लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा हाल ही में जबरदस्त गेंदबाजी कर रहे हैं, जैसा हमने वार्म-अप मैच में भी देखा है। इसलिए यह फैसला काफी मुश्किल था। बुमराह यहाँ नहीं हैं, लेकिन यह किसी अन्य खिलाड़ी के लिए आगे आकर खुद को साबित करने का शानदार अवसर है।”
2 लेफ्ट आर्म स्पिनर्स के साथ उतरेगा भारत, कुलदीप यादव फिर बाहर!
स्पिन डिपार्टमेंट की बात करें तो भारत दो बाएं हाथ के स्पिनरों के साथ मैदान पर उतर सकता है। अनुभवी रवींद्र जडेजा के साथ मानव सुथार का खेलना लगभग तय माना जा रहा है।
गिल ने मानव सुथार की गेंदबाजी की तारीफ करने के साथ-साथ उन्हें नंबर-8 पर एक मजबूत बल्लेबाजी विकल्प भी बताया। ऐसे में चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव को एक बार फिर प्लेइंग इलेवन से बाहर बैठना पड़ सकता है।
WTC फाइनल की रेस में बने रहने पर नजर
बतौर टेस्ट कप्तान एक साल पूरा कर चुके शुभमन गिल ने कहा कि वह अब अपनी भूमिका में काफी सहज महसूस कर रहे हैं।
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में भारत की स्थिति पर गिल ने स्पष्ट किया, “हमारा मुख्य लक्ष्य WTC फाइनल की दौड़ में बने रहना है। इसके लिए हमें आने वाले समय में 6 या 7 टेस्ट जीतने होंगे और हम इसी सीरीज से अपनी जीत की लय हासिल करना चाहते हैं।”
दोनों टीमों के फुल स्क्वॉड (Squads)
- भारत (India Squad): शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जयसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, आकिब नबी, सरफराज खान।
- श्रीलंका (Sri Lanka Squad): धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), लाहिरू उदारा, निशान मदुश्का, कामिन्दु मेंडिस (उपकप्तान), दिनेश चंडीमल, पासिंदु सूरियाबंडारा, सोनल दिनुशा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), रमेश मेंडिस, प्रभात जयसूर्या, केशरा नुवांथा, मिलन रथनायके, असिथा फर्नांडो, लाहिरू कुमारा, विश्वा फर्नांडो, दिलशान मदुशंका।