यूरोप के एक बेहद महत्वपूर्ण देश स्पेन से बुधवार को एक ऐसी खौफनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जिसने पूरी दुनिया को सन्न कर दिया है। मैड्रिड के दक्षिणी क्षेत्र में दो हाई-स्पीड ट्रेनें अचानक आपस में ऐसे टकराईं कि पलभर में चीख-पुकार मच गई और हर तरफ तबाही का मंजर बिखर गया। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, इस भीषण रेल हादसे में अब तक 46 लोगों की दर्दनाक मौत की पुष्टि हो चुकी है, साथ ही 179 से अधिक लोग घायल हो गए है।
टोलेडो के पास हुआ भयानक हादसा
स्पेन में हुई भीषण रेल दुर्घटना के बाद मृतकों की संख्या बढ़ने से प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। शुरुआती जानकारी में क्षेत्रीय सरकार ने कम से कम 10 लोगों की मौत की पुष्टि की थी और आशंका जताई थी कि आंकड़ा बढ़ सकता है।
राहत और बचाव कार्य आगे बढ़ने के साथ मृतकों की संख्या 46 तक पहुंचने की खबर सामने आई है। क्षेत्रीय सरकार की प्रवक्ता ने मीडिया से बातचीत में स्थिति को बेहद गंभीर बताया और कहा कि सामने आ रही जानकारियां बेहद दुखद हैं।
स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज का बयान
स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज (Pedro Sanchez) ने टोलेडो के पास हुए भीषण रेल हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने अपने आधिकारिक X हैंडल पर लिखा कि वह इस गंभीर हादसे से स्तब्ध हैं और परिवहन मंत्री तथा कैस्टिला-ला मांचा के अध्यक्ष के लगातार संपर्क में हैं।
प्रधानमंत्री ने बताया कि आपातकालीन सेवाएं पीड़ितों की मदद, उन्हें सुरक्षित निकालने और राहत पहुंचाने के लिए प्रशासनिक इकाइयों के साथ मिलकर काम कर रही हैं। उन्होंने हादसे के पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना, एकजुटता और समर्थन व्यक्त किया।
स्पेन में हुए इस भीषण रेल हादसे ने रेल सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर चिंता बढ़ा दी है। हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य जारी है, जबकि प्रशासन मृतकों और घायलों से जुड़ी जानकारी जुटाने में लगा है। प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने पीड़ितों के प्रति संवेदना जताते हुए हरसंभव सहायता का भरोसा दिया है।