वाराणसी: लव मैरिज के बाद पत्नी की हत्या कर उसके शव को सूटकेस में बंद कर फरार हुए आरोपी को उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने वाराणसी से गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दादरा और नगर हवेली के सिलवासा में पत्नी की हत्या के बाद आरोपी ने शव को प्लास्टिक में लपेटकर सूटकेस में छिपा दिया और वहां से फरार हो गया। जांच के दौरान उसकी लोकेशन वाराणसी में मिली, जिसके बाद सिलवासा पुलिस की सूचना पर यूपी एसटीएफ ने उसे दबोच लिया।
सूटकेस खुला तो सामने आया पत्नी का शव
मामला तब सामने आया जब 3 अगस्त को सिलवासा के एक किराए के मकान में बंद सूटकेस के अंदर शव बरामद हुआ। मकान मालिक ने घर का ताला खोलने के बाद सूटकेस देखा, जिसके भीतर प्लास्टिक से लिपटा शव मिला। पुलिस जांच में मृतका की पहचान छोटी उपाध्याय के रूप में हुई।
जांच आगे बढ़ी तो शक उसके पति ऋषभ कुमार सिंह पर गया। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद से ऋषभ वहां से गायब था और उसकी लोकेशन वाराणसी में मिल रही थी। इसके बाद सिलवासा पुलिस ने उत्तर प्रदेश एसटीएफ से संपर्क किया।
नवादा की युवती से की थी लव मैरिज
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि ऋषभ बिहार का रहने वाला है और उसने नवादा की रहने वाली छोटी उपाध्याय से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों दादरा और नगर हवेली में किराए के मकान में रह रहे थे, जहां ऋषभ नौकरी करता था।
आरोप है कि ऋषभ के परिवार वाले छोटी को बहू के तौर पर स्वीकार नहीं कर रहे थे। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के बाद 9 जून को ऋषभ ने कथित तौर पर पत्नी की हत्या कर दी।
शव को प्लास्टिक में लपेटकर सूटकेस में किया बंद
आरोप है कि हत्या के बाद ऋषभ ने पत्नी के शव को प्लास्टिक में लपेटा और उसे सूटकेस में बंद कर दिया। इसके बाद वह मकान छोड़कर फरार हो गया। करीब दो महीने तक मकान बंद रहा। जब मकान मालिक ने इसे किसी दूसरे व्यक्ति को किराए पर देने के लिए खोला, तब सूटकेस के अंदर शव मिलने से पूरे मामले का खुलासा हुआ।
वाराणसी में नौकरी कर रहा था आरोपी
जांच में आरोपी की लोकेशन वाराणसी मिलने के बाद यूपी एसटीएफ ने कार्रवाई की। टीम ने वाराणसी से ऋषभ कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पत्नी की हत्या के बाद वह वाराणसी में नौकरी कर रहा था और यहीं से उसे पकड़ा गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को वाराणसी के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया, जहां उसे ट्रांजिट रिमांड पर लिया गया है। अब सिलवासा पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।