मुंबई: महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में गुरुवार देर रात भूकंप के लगातार झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। नांदेड़, हिंगोली और परभणी जिलों में रात 1:37 बजे से 3:23 बजे के बीच रिक्टर स्केल पर 3.6 से 4.6 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए। झटके लगते ही लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
दो घंटे से भी कम समय में चार बार कांपी धरती
अधिकारियों के अनुसार रात 1:37 बजे से 3:23 बजे के बीच करीब चार बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। इनकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.6 से 4.6 के बीच दर्ज की गई। लगातार आए झटकों के कारण प्रभावित इलाकों में लोगों के बीच डर का माहौल बन गया।
पहला झटका रात 1:37 बजे महसूस हुआ
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक पहला भूकंप रात करीब 1:37 बजे सिरली-पांगरा शिंदे गांव के पास आया। भूकंप का केंद्र जमीन से लगभग 10 किलोमीटर नीचे था। तेज कंपन से लोगों की नींद खुल गई और वे एहतियात के तौर पर घरों से बाहर निकल आए।
इसके बाद लगातार तीन और झटके आए
दूसरा झटका रात 2:15 बजे ककड़धाबा गांव के पास महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता 3.6 दर्ज की गई। इसके महज दो मिनट बाद रात 2:17 बजे तीसरा झटका आया, जबकि चौथा झटका रात 3:23 बजे महसूस हुआ। लगातार आए इन झटकों ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी।
अप्रैल में भी आया था तेज भूकंप
इससे पहले इसी वर्ष अप्रैल में भी हिंगोली क्षेत्र में 4.7 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। उस दौरान पांगरा शिंदे गांव में कुछ मकानों और एक सामुदायिक भवन में दरारें पड़ गई थीं। वहीं नांदेड़, अर्धापुर, हदगांव, हिमायतनगर और परभणी के कई इलाकों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे।