नई दिल्ली: आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की फिल्म ‘उड़ता तीर’ सिनेमाघरों में रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश में जुट गई है। 23 अक्टूबर को रिलीज हुई इस स्पाई-कॉमेडी ने पहले दिन 4.10 करोड़ रुपये की कमाई की थी। वहीं, शनिवार को फिल्म के कलेक्शन में बढ़ोतरी दर्ज की गई। अब सवाल है कि दो दिनों में फिल्म ने कुल कितने करोड़ रुपये जुटाए हैं?
दूसरे दिन ‘उड़ता तीर’ की कमाई में आया उछाल
सैकनिल्क के मुताबिक, ‘उड़ता तीर’ ने पहले दिन यानी शुक्रवार को 4.10 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। इस दौरान फिल्म के 6,265 शो चले और ऑक्यूपेंसी 13 फीसदी रही।
दूसरे दिन शनिवार को फिल्म की कमाई बढ़कर 6.18 करोड़ रुपये पहुंच गई। इस दिन फिल्म के 5,820 शो हुए और ऑक्यूपेंसी 19 फीसदी दर्ज की गई। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, दूसरे दिन की कमाई के साथ फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन 10.28 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 12.12 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
दो दिनों में कितना रहा फिल्म का कलेक्शन?
‘उड़ता तीर’ के बॉक्स ऑफिस आंकड़ों पर नजर डालें तो फिल्म ने रिलीज के दूसरे दिन पहले दिन के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन किया है।
- पहले दिन की कमाई: 4.10 करोड़ रुपये
- दूसरे दिन की कमाई: 6.18 करोड़ रुपये
- कुल नेट इंडिया कलेक्शन: 10.28 करोड़ रुपये
- कुल ग्रॉस इंडिया कलेक्शन: 12.12 करोड़ रुपये
क्या है ‘उड़ता तीर’ की कहानी?
फिल्म में आयुष्मान खुराना ने बिलाल अहमद का किरदार निभाया है, जो पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई का अहम स्लीपर एजेंट है। वह कश्मीर के बारामूला में भारत के काउंटर टेररिज्म स्क्वॉड में घुसपैठ करने में कामयाब हो जाता है।
कहानी में बड़ा मोड़ तब आता है, जब एक ऑपरेशन के दौरान गंभीर हादसे के बाद बिलाल अपनी याददाश्त खो बैठता है। वह अपनी असली पहचान भूल जाता है। उसे देशभक्ति का एहसास तो रहता है, लेकिन वह यह नहीं जानता कि वह किस देश के लिए काम करता है।
इसके बाद बिलाल को लगता है कि उसके माता-पिता की हत्या पाकिस्तानी आतंकवादियों ने की थी। वह अपनी नकली पहचान को ही सच मानने लगता है और उन सीमा-पार आतंकी नेटवर्कों को खत्म करने में जुट जाता है, जिनकी रक्षा करने के लिए उसे भेजा गया था। फिल्म की कहानी इसी दिलचस्प उलझन और स्पाई-कॉमेडी के इर्द-गिर्द आगे बढ़ती है।
किसने बनाई है ‘उड़ता तीर’?
‘उड़ता तीर’ एक स्पाई-कॉमेडी फिल्म है, जिसे आकाश कौशिक ने लिखा और निर्देशित किया है। फिल्म का निर्माण करण जौहर, अदार पूनावाला, गुनीत मोंगा, अपूर्व मेहता और अचीन जैन ने धर्मा प्रोडक्शंस और सिख्या एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया है।
फिल्म में आयुष्मान खुराना और सारा अली खान मुख्य भूमिकाओं में हैं। इनके अलावा राहुल बोस, राम कपूर, गुलशन ग्रोवर, मुकुल देव, सुहेल नय्यर, सुप्रिया पिलगांवकर, बृजेंद्र काला और संदीप आनंद भी अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं।