दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहा छात्र आंदोलन अब एक बेहद नाजुक और गंभीर मोड़ पर पहुंच चुका है। NEET परीक्षा में कथित धांधली और लद्दाख के मुद्दों को लेकर पिछले 16 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे मशहूर इनोवेटर सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत ने देश के एकेडेमिशियन्स, कलाकारों और सोशल मीडिया को हिलाकर रख दिया है।
इस बीच, रील लाइफ से लेकर रीयल लाइफ के कई बड़े चेहरों ने वांगचुक के समर्थन में मोर्चा खोल दिया है। एक तरफ जहाँ फिल्म ‘3 इडियट्स’ के ‘चतुर’ यानी अभिनेता ओमी वैद्य ने वांगचुक की जान बचाने की गुहार लगाई है, वहीं दूसरी तरफ देश की दिग्गज हस्तियों ने उनसे अनशन तोड़ने की भावुक अपील की है।
“हेलो इडियट्स, पहचाना?”
अपने सिग्नेचर स्टाइल में वीडियो की शुरुआत करते हुए ओमी ने कहा: “हेलो इडियट्स, पहचाना? मैं ओमी वैद्य, 3 इडियट्स से चतुर। मैं अक्सर ऐसा नहीं करता, लेकिन आज एक बेहद जरूरी बात कहनी है। क्या आप जानते हैं कि फिल्म का किरदार फुंसुख वांगडू असल में सोनम वांगचुक पर आधारित है? मैं उनसे मिल चुका हूं, वह बहुत कमाल के इंसान हैं। इस समय वह एक लंबी भूख हड़ताल पर हैं और उनका शुगर लेवल काफी गिर चुका है। चाहे आप उनके विचारों से सहमत हों या नहीं, पर हमें इस मुद्दे पर ध्यान देना चाहिए।”

इस वीडियो को सीनियर वकील प्रशांत भूषण ने भी शेयर किया है। उन्होंने आमिर खान पर निशाना साधते हुए लिखा, “कम से कम ‘3 इडियट्स’ का एक किरदार तो सोनम वांगचुक के सपोर्ट में आगे आया है। अब देखना यह है कि खुद आमिर खान इस पर क्या करते हैं?”

“यह लड़ाई मैराथन है, स्प्रिंट नहीं”
सोनम वांगचुक की लगातार गिरती सेहत को देखते हुए देश की मशहूर लेखिका अरुंधति रॉय, दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह, एक्ट्रेस रत्ना पाठक शाह और अर्थशास्त्री जयाती घोष सहित कई बड़े इंटेलेक्चुअल्स ने एक साझा बयान जारी किया है।
इन हस्तियों ने आंदोलनकारियों से अपनी जान जोखिम में न डालने और अनशन को तुरंत खत्म करने की अपील करते हुए कहा:

“हम युवाओं के लिए आपके इस साहस को सलाम करते हैं। लेकिन आगे आने वाले लंबे संघर्ष को देखते हुए हमारा अनुरोध है कि इस भूख हड़ताल को तुरंत समाप्त करें। यह लड़ाई एक मैराथन है, कोई स्प्रिंट नहीं। आने वाले दिनों में देश को आपकी ताकत और लीडरशिप की सख्त जरूरत है।”
इसके साथ ही उन्होंने गहरी चिंता जताई है कि सरकार की लगातार हो रही अनदेखी की वजह से प्रदर्शनकारियों का स्वास्थ्य और ज्यादा गंभीर स्थिति में पहुंच सकता है।
8.2 किलो वजन घटा, शुगर लेवल 67 पर पहुंचा
पिछले 16 दिनों से अन्न का एक भी दाना न लेने के कारण सोनम वांगचुक के शरीर पर अब इसका गंभीर असर साफ दिखने लगा है, वांगचुक का वजन अब तक 8.2 किलोग्राम कम हो चुका है। उनका ब्लड ग्लूकोज लेवल गिरकर 67 mg/dL पर आ गया है, जबकि ब्लड प्रेशर 107/70 mmHg रिकॉर्ड किया गया है, जो काफी चिंताजनक है।
वांगचुक के साथ 28 जून से भूख हड़ताल पर बैठे AISA कार्यकर्ता दीपक की तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
20 जुलाई को ‘संसद मार्च’
यह आंदोलन अब और बड़ा रूप लेने जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने एलान किया है कि आने वाले 20 जुलाई को, जब संसद का मानसून सत्र शुरू होगा, तब वे संसद भवन की तरफ एक विशाल और शांतिपूर्ण मार्च निकालेंगे। दिल्ली की सड़कों से शुरू हुआ यह संघर्ष अब सोशल मीडिया से लेकर देश की संसद तक गूंजने के लिए पूरी तरह तैयार है।