मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ से डिलीवरी बॉय के साथ कथित मारपीट और बदसलूकी का एक वीडियो सामने आया है। वायरल वीडियो में एक शख्स डिलीवरी लेकर पहुंचे युवक से बहस करता दिखाई दे रहा है। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद उसने डिलीवरी बॉय को पीटा और खींचकर अपने फ्लैट के अंदर ले गया। कुछ देर बाद युवक फ्लैट से बाहर निकलता दिखाई देता है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग पुलिस से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
दावा किया जा रहा है कि यह घटना मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र स्थित गंगासागर की गंगा हाइट्स बिल्डिंग की है। बताया जा रहा है कि एक शख्स ने डिलीवरी मंगाई थी और फोन पर डिलीवरी बॉय से कुछ देर इंतजार करने के लिए कहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर शख्स ने डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट की और उसे कुछ देर के लिए अपने फ्लैट के अंदर ले जाकर बंद कर दिया।
कैमरे में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम
करीब 3 मिनट 12 सेकंड के वायरल वीडियो में लाल रंग की टी-शर्ट पहने एक युवक हाथ में पैकेट लेकर फ्लैट की घंटी बजाता दिखाई देता है। इसके बाद एक शख्स बाहर आता है और दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो जाती है। कुछ ही देर में मामला गरमा जाता है और फ्लैट से बाहर आया शख्स डिलीवरी बॉय पर हाथ छोड़ देता है।
इसी दौरान फ्लैट से एक महिला भी बाहर आती दिखाई देती है। डिलीवरी बॉय ‘मैम-मैम’ कहता नजर आता है। इसके बाद महिला शख्स को फ्लैट के अंदर जाने का इशारा करती है। आरोप है कि इसके बाद वह डिलीवरी बॉय को खींचकर अंदर ले जाता है और दरवाजा बंद हो जाता है। कुछ देर बाद डिलीवरी बॉय फ्लैट से बाहर निकलकर वहां से चला जाता है।
सोशल मीडिया पर पुलिस से कार्रवाई की मांग
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने घटना को लेकर नाराजगी जताई है। हर्ष प्रताप सिंह नाम के एक यूजर ने मेरठ पुलिस को टैग करते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने इसे समाज के लिए गंभीर मामला बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।
शशि नाम के एक यूजर ने 15 अगस्त का जिक्र करते हुए मेरठ पुलिस से झंडारोहण के बाद इस मामले को देखने की अपील की। वहीं कमल वर्मा ने डिलीवरी बॉय समेत गिग वर्कर्स की सुरक्षा का मुद्दा उठाया और सवाल किया कि किसी व्यक्ति को डिलीवरी कर्मचारी को अंदर खींचकर उसके साथ मारपीट करने का अधिकार कैसे मिल सकता है।
फिलहाल, मामले में स्थानीय पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान सामने आने का इंतजार है। वायरल वीडियो के आधार पर किए जा रहे दावों की पुलिस जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।