Trending News

‘कौवा चला हंस की चाल…’, राघव चड्ढा के ‘एक्स-गर्लफ्रेंड’ बयान पर भगवंत मान का पलटवार, बोले- सम्मान संभाल नहीं पाए

चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के ‘एक्स-गर्लफ्रेंड’ वाले बयान पर पलटवार किया है। चड्ढा ने कुछ दिन पहले आम आदमी पार्टी पर तंज कसते हुए कहा था कि पार्टी उनके साथ ऐसी ‘एक्स-गर्लफ्रेंड’ की तरह व्यवहार कर रही है, जो आगे नहीं बढ़ पाई है। अब भगवंत मान ने इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ने चड्ढा को काफी मान-सम्मान दिया, लेकिन वह उसे संभाल नहीं पाए।

‘हमने राघव को मान-सम्मान दिया, लेकिन संभाल नहीं पाए’

इंडिया टुडे के पंचायत कार्यक्रम में भगवंत मान से राघव चड्ढा के बयान को लेकर सवाल किया गया। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा को सम्मान दिया था। उन्होंने कहा कि चड्ढा को राज्यसभा भेजा गया और वहां उन्हें उपनेता की जिम्मेदारी भी दी गई।

भगवंत मान ने कहा, “हमने राघव को मान-सम्मान दिया, उनको राज्यसभा में भेजा वहां उन्हें डिप्टी लीडर बनाया लेकिन अगर किसी से मान-सम्मान नहीं संभाला जाए तो उसमें हम क्या करें।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीति में जो मिलता है, उसे स्वीकार कर लेना चाहिए। इसी दौरान उन्होंने राघव चड्ढा पर तंज कसते हुए कहा, “कौवा चला हंस की चाल अपनी भी भूल गया।”

‘अब देखना होगा राघव चड्ढा कहां जाते हैं’

भगवंत मान ने राघव चड्ढा के भविष्य को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि अब देखना होगा कि चड्ढा आगे कहां जाते हैं। भाजपा में शामिल होने के बाद उन्हें केंद्र में मंत्री बनाए जाने की संभावनाओं पर मान ने कहा कि उन्हें ऐसा नहीं लगता कि भाजपा राघव चड्ढा को केंद्र में मंत्री बनाएगी।

कभी केजरीवाल और मान के करीबी नेताओं में थे चड्ढा

राघव चड्ढा एक समय आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के करीबी नेताओं में शामिल थे। पार्टी में रहते हुए उन्हें राज्यसभा भेजा गया था और उच्च सदन में उपनेता की जिम्मेदारी भी दी गई थी।

कुछ महीने पहले राघव चड्ढा ने पार्टी के सात सांसदों के साथ आम आदमी पार्टी छोड़ दी थी। इसके बाद ये सभी सांसद भाजपा में शामिल हो गए थे। पार्टी छोड़ने के बाद से ही चड्ढा और आम आदमी पार्टी के नेताओं के बीच बयानबाजी जारी है।

चड्ढा ने AAP को बताया था ‘एक्स-गर्लफ्रेंड’

दरअसल, राघव चड्ढा ने कुछ दिन पहले आम आदमी पार्टी के साथ अपने मौजूदा रिश्ते पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि पार्टी उनके साथ ऐसा व्यवहार कर रही है जैसे वह उनकी ‘एक्स-गर्लफ्रेंड’ हो।

उनके इस बयान के बाद आम आदमी पार्टी और राघव चड्ढा के बीच राजनीतिक तकरार एक बार फिर चर्चा में आ गई। अब भगवंत मान के तंज ने इस बयानबाजी को और तीखा कर दिया है।

vineet verma

Recent Posts

ऑनलाइन दुल्हन की तलाश ने डुबोई मेहनत की कमाई! ग्वालियर में शादी का झांसा देकर साइबर ठगों ने दो परिवारों से ऐंठे 24,500 रुपये

ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में ऑनलाइन शादी का रिश्ता तलाशना दो परिवारों को भारी…

5 minutes ago

हार्ट अटैक आने से पहले शरीर देता है ये संकेत! सीने के दर्द से लेकर सांस फूलने तक, जानें सबसे कॉमन लक्षण और अस्पताल पहुंचने से पहले क्या करें

नई दिल्ली: हार्ट अटैक एक गंभीर चिकित्सकीय आपात स्थिति है, जिसमें हृदय की मांसपेशियों तक…

39 minutes ago