कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आज होने वाले ‘चलो संसद’ मार्च से ठीक पहले जंतर-मंतर पर भारी हड़कंप मच गया है। विरोध स्थल के पास पत्थरों से भरा एक ट्रक मिलने के बाद CJP नेताओं ने साजिश की आशंका जताते हुए दिल्ली पुलिस और प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर दिया है।
‘क्या आंदोलन को हिंसक बनाने की तैयारी है?’ – CJP का बड़ा आरोप
CJP के कार्यकर्ताओं ने जंतर-मंतर के पास खड़े पत्थरों से भरे इस ट्रक का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
आयोजकों और CJP नेता अभिजीत दीपके ने दिल्ली पुलिस पर सीधे सवाल दागते हुए पूछा:
“जब जंतर-मंतर पर कड़ा सुरक्षा घेरा है और धारा 163 लागू है, तो पत्थरों से लदा यह ट्रक यहाँ किसने और क्यों खड़ा किया? क्या पुलिस हमारे शांतिपूर्ण आंदोलन को बदनाम या हिंसक बनाना चाहती है?”
आयोजकों की अपील: ‘शांति बनाए रखें, किसी उकसावे में न आएं’
जंतर-मंतर पर पत्थरों की मौजूदगी के बाद CJP नेतृत्व अलर्ट मोड पर आ गया है। छात्र-युवाओं से लगातार अपील की जा रही है:
- शांतिपूर्ण प्रदर्शन: यह मार्च पूरी तरह से अहिंसक और युवाओं के अधिकारों के लिए है।
- उकसावे से बचें: प्रदर्शन में शामिल लोग न तो खुद कोई गलत कदम उठाएं और न ही किसी असमाजिक तत्व को ऐसा करने दें।
- अराजक तत्वों पर नज़र: अगर कोई हिंसा फैलाने की कोशिश करता है, तो तुरंत आयोजकों या वालंटियर्स को सूचित करें।
हाई अलर्ट पर दिल्ली पुलिस, सुरक्षा बलों की पैनी नजर
इस बीच, नई दिल्ली क्षेत्र में BNSS की धारा 163 लागू होने के बावजूद हजारों छात्रों के जुटने और पत्थरों के इस रहस्यमयी ट्रक के मिलने से सुरक्षा एजेंसियों के हाथ-पांव फूल गए हैं। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़ी सतर्कता बरती जा रही है और हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।