लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को गोली मारने की धमकी दी गई है. ये धमकी किसी खत, ईमेल या फोन पर नहीं बल्कि लाइव टीवी चैनल के डिबेट में दी गई है. इस धमकी के बाद कांग्रेस हमलावर है. ये पूरा मामला शुरू हुआ एक टीवी डिबेट से. केरल के एक टीवी चैनल पर हुई डिबेट के दौरान बीजेपी प्रवक्ता प्रिंटू महादेव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को छाती में गोली मारने की खुली धमकी दे डाली है. जिसके बाद देश की राजनीति में हड़कंप मच गया.
कौन हैं प्रिंटू महादेव ?
पिंटू महादेव, आरएसएस की छात्र शाखा, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के पूर्व राज्य अध्यक्ष हैं जो अभी वर्तमान बीजेपी के प्रवक्ता हैं. दरअसल उन्होंने यह बयान उस समय दिया जब वे लद्दाख हिंसा पर एक टीवी चैनल में डिबेट में बैठे थे. इसी दौरान उन्होंने कहा कि ‘राहुल गांधी को छाती में गोली मार दी जाएगी’.
कांग्रेस ने बीजेपी और CPI(M) पर लगाया मिलीभगत का आरोप
कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि ‘भाजपा प्रवक्ता ने टीवी पर आकर कहा कि राहुल गांधी को सीने पर गोली मार देंगे, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. इसके पहले सीआरपीएफ की चिट्ठियों को लीक किया गया. राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर क्यों राजनीति हो रही है, माहौल क्या बनाया जा रहा है. इसमें षड़यंत्र की बू आती है. ये षड़यंत्र वही लोग रच रहे हैं जो वैचारिक लड़ाई में हार रहे हैं. इस षड़यंत्र का खुलासा होना होगा. पहले गालियां देकर राहुल गांधी को चुप कराने की धमकी दी गई. अब गोलियों की धमकी दे रहे हैं. कश्मीर से कन्याकुमारी तक लोग राहुल गांधी से जुड़ रहे हैं ये आपको पच नहीं रहा है’.

वहीं कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि ‘यह धमकी किसी तरह का ‘जुबान का फिसलना’ नहीं है बल्कि नेता-विपक्ष के खिलाफ सोची-समझी साजिश है. सत्तारूढ़ पार्टी के आधिकारिक प्रवक्ता की तरफ ऐसी जहरीली बातें कहना न केवल राहुल गांधी की जान को तत्काल खतरे में डालता है बल्कि ये संविधान, कानून के शासन और हर नागरिक को मिलने वाली बुनियादी सुरक्षा गारंटी को भी कमजोर करता है. खासकर विपक्ष के नेता के लिए इस तरह की बयानबाजी और भी सुरक्षा की गांरटी को नकार रही है. वेणुगोपाल ने बताया कि राहुल गांधी की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने उनकी सुरक्षा को लेकर कई खतरे संबंधी पत्र लिखे हैं’. कांग्रेस में इस मामले में गृह मंत्री अमित शाह को पत्र भी भेजा है, जिसमें बीजेपी नेता के खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई की अपील की गई है.