मुंबई: शहर में रोजाना ऑटो-टैक्सी से सफर करने वालों के लिए आज से यात्रा महंगी हो गई है। 18 महीने बाद किराए में फिर बढ़ोतरी की गई है। ऑटो का न्यूनतम किराया 26 रुपये से बढ़कर 27 रुपये हो गया है, जबकि टैक्सी का किराया 31 रुपये से बढ़कर 33 रुपये पहुंच गया है। शेयरिंग ऑटो के किराए में भी 1 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
ऑटो और टैक्सी के प्रति किलोमीटर किराए में भी बढ़ोतरी
खटुआ समिति के फॉर्मूले के आधार पर नए किराए तय किए गए हैं। टैक्सी का प्रति किलोमीटर किराया 20.66 रुपये से बढ़कर 21.90 रुपये हो गया है। वहीं, ऑटो का प्रति किलोमीटर किराया 17.14 रुपये से बढ़कर 18.22 रुपये कर दिया गया है।
सरकार के मुताबिक, फरवरी 2025 में पिछली बार किराए में संशोधन के बाद सीएनजी की कीमत करीब 8 रुपये यानी 10.25 फीसदी बढ़ी है। इसके अलावा वाहनों की लागत, गाड़ियों के कर्ज पर ब्याज और सरकारी राजस्व में बदलाव जैसे कारकों को भी नए किराए तय करते समय ध्यान में रखा गया है।
मीटर अपडेट कराने के लिए 30 नवंबर तक का समय
नए किराए लागू होने के बाद सभी ऑटो और टैक्सियों के इलेक्ट्रॉनिक मीटर को नए टैरिफ के मुताबिक फिर से कैलिब्रेट कराना होगा। इसके लिए 30 नवंबर 2026 तक की समयसीमा तय की गई है। निर्धारित समय तक मीटर अपडेट नहीं कराने वाले चालकों पर जुर्माना लगाया जा सकता है।
मुंबई महानगर क्षेत्र परिवहन प्राधिकरण ने चालकों को निर्देश दिया है कि मीटर दोबारा कैलिब्रेट होने तक वे आधिकारिक किराया कार्ड साथ रखें। यह कार्ड आरटीओ से लिया जा सकता है और तीन महीने तक मान्य रहेगा।
मुंबई के साथ आसपास के इलाकों में भी लागू होगा नया किराया
नई किराया दरें सिर्फ मुंबई तक सीमित नहीं हैं। अधिकारियों के मुताबिक, मुंबई और नवी मुंबई के अलावा कल्याण, ठाणे, पनवेल, वसई-विरार समेत आसपास के महानगरीय इलाकों में भी बढ़ा हुआ किराया लागू होगा।
किराए में यह बढ़ोतरी खासतौर पर रोजाना ऑटो-टैक्सी से छोटी दूरी का सफर करने वाले लोगों की जेब पर असर डालेगी। 18 महीने बाद हुई इस बढ़ोतरी के चलते अब रोजमर्रा के सफर का खर्च पहले के मुकाबले बढ़ जाएगा।