काबुल, 3 नवंबर: अफगानिस्तान के उत्तरी शहर मजार-ए-शरीफ के पास सोमवार तड़के आए तेज़ झटकों ने एक बार फिर लोगों को दहला दिया. 6.3 तीव्रता के इस भूकंप में अब तक 20 से ज्यादा लोगों की मौत और करीब 260 के घायल होने की खबर है. भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 28 किलोमीटर नीचे आया था. मजार-ए-शरीफ शहर की आबादी करीब 5 लाख से ज्यादा है. झटकों का असर दूर-दूर तक महसूस किया गया.
राहत-बचाव में जुटी टीमें
समनगन प्रांत के स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता समीम जॉयंदा ने बताया कि अब तक सात लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 150 से ज़्यादा घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. तालिबान सरकार के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि बाल्ख और समनगन इलाके सबसे ज़्यादा प्रभावित हैं. सेना और राहत दल तुरंत मौके पर पहुंच गए हैं और मलबे में फंसे लोगों को निकालने में जुटे हैं.
स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता शरीफ़त ज़मान ने बताया कि सभी नजदीकी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है और बचाव टीमें लगातार काम कर रही हैं. अफगानिस्तान में भूकंप कोई नई बात नहीं है — यह देश दुनिया के सबसे ज़्यादा भूकंप-प्रवण इलाकों में से एक है. कुछ महीने पहले आए भूकंप में 2,000 से ज़्यादा लोग मारे गए थे. विशेषज्ञों का कहना है कि अब वक्त आ गया है कि अफगानिस्तान अपने घरों और इमारतों को भूकंप-रोधी तकनीक से बनाए, ताकि आने वाले झटके इतने भारी न पड़ें.