पटना: बिहार में बढ़ते अपराध और लगातार हो रही हत्याओं को लेकर सवाल उठे तो सम्राट चौधरी सरकार के मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा का जवाब चर्चा में आ गया। भोजपुर में पूर्व कस्टम अधिकारी की हत्या के बाद उनके परिजनों से मिलने पहुंचे मंत्री से जब पत्रकारों ने अपराध की घटनाओं पर सवाल किया, तो उन्होंने कहा, “हत्याएं होती रहती हैं, इतना बड़ा बिहार है।” उनके इस बयान को लेकर आलोचना हो रही है। हालांकि, मंत्री ने इसी दौरान मामले में कार्रवाई का भरोसा भी दिया और कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
पूर्व कस्टम अधिकारी की हत्या के बाद परिजनों से मिलने पहुंचे थे मंत्री
भोजपुर जिले में बीते गुरुवार को 72 वर्षीय पूर्व कस्टम अधिकारी राम कुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जानकारी के मुताबिक, वह सुबह की सैर के लिए निकले थे, तभी कनकपुरी मोहल्ले में बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस घटना के बाद योजना एवं विकास मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे थे।
इसी दौरान पत्रकारों ने उनसे बिहार में लगातार हो रही हत्याओं और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल किए। जवाब में मंत्री की कुछ टिप्पणियां चर्चा का विषय बन गईं।
‘कार्रवाई निश्चित है’, मंत्री ने दिया जांच का भरोसा
पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में भगवान सिंह कुशवाहा ने कहा कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने दावा किया कि कार्रवाई को लेकर सरकार की गंभीरता उतनी है, जितनी शायद लोग सोच भी नहीं सकते।
मंत्री के मुताबिक, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई चल रही है। जांच अधिकारी मामले की निगरानी कर रहे हैं और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि मामले में कार्रवाई निश्चित रूप से होगी।
‘हत्या तो होगा, क्या कीजिएगा’, सवाल पर यह बोले मंत्री
पत्रकारों ने जब मंत्री से कहा कि पिछले तीन दिनों में तीन हत्याएं हुई हैं, तो उन्होंने जवाब दिया कि भोजपुर में ऐसी घटना पहली बार नहीं हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि एक घटना को दूसरी घटना से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।
जब पत्रकारों ने सवाल उठाया कि आखिर हत्याएं हो रही हैं, तो मंत्री ने कहा, “हत्या तो होगा, क्या कीजिएगा।” इसके बाद जब उनसे पूछा गया कि क्या सरकार का इकबाल खत्म हो रहा है, तो उन्होंने इससे इनकार किया और कहा, “इकबाल खत्म नहीं हुआ है, हत्याएं होती रहती हैं, इतना बड़ा बिहार है।”
मंत्री के इन बयानों के बाद अपराध के मुद्दे पर उनकी प्रतिक्रिया को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
जमा खान बोले- मैंने उनका बयान नहीं सुना
भगवान सिंह कुशवाहा के बयान पर बिहार सरकार के मंत्री जमा खान से भी प्रतिक्रिया मांगी गई। उन्होंने कहा कि उन्होंने कुशवाहा का बयान नहीं सुना है।
हालांकि, जमा खान ने बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार का बचाव किया। उन्होंने दावा किया कि एनडीए सरकार बनने के बाद राज्य अपराधमुक्त हुआ है। उनके मुताबिक, दुनिया में कहीं भी कानून कितने ही सख्त क्यों न हों, कुछ लोग गलत काम करते रहते हैं।
जमा खान ने कहा कि असली बात यह है कि गलत काम करने वाले लोग कानून से बचने न पाएं। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार में गड़बड़ी करने वालों को बचने नहीं दिया जाता।