रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नंगला श्रीगोपाल (नगला पदम) गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। रात को हंसी-खुशी मैगी खाकर सोने वाला एक पूरा परिवार सुबह अपनी ही चारपाई पर मृत पाया गया। पति-पत्नी और तीन मासूम बच्चों की एक साथ हुई इस रहस्यमयी मौत से सनसनी फैल गई है, और हर कोई यही सोच रहा है कि आखिर उस रात ऐसा क्या हुआ था।
मैगी खाने के बाद सुबह नहीं खुले नींद से सोते हुए परिवार के 5 शव
शुरुआती जानकारी के अनुसार, गांव नगला पदम निवासी महेश और उनका परिवार रात करीब 10:00 बजे मैगी खाकर सोने गया था।
जब अगली सुबह काफी देर तक घर का कोई सदस्य बाहर नहीं आया तो पड़ोसियों और ग्रामीणों को शंका हुई। अंदर जाकर देखने पर पता चला कि परिवार के पांचों सदस्य अपने बिस्तर पर मृत पड़े हुए थे, जिससे पूरे गांव में कोहराम मच गया।
मृतकों की पहचान और पुलिस प्रशासन की मौजूदगी
घटना की सूचना मिलते ही रबूपुरा थाना पुलिस, उच्चाधिकारी, एम्बुलेंस और फूड एंड सेफ्टी विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। घर के बाहर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पुलिस ने मृतकों की पहचान इस प्रकार बताई है:
- महेश (पुत्र कृष्ण, उम्र 37 वर्ष)
- ललिता (पत्नी महेश, उम्र 35 वर्ष)
- लड्डू (पुत्र महेश, उम्र 11 वर्ष)
- मिष्टी (पुत्री महेश, उम्र 07 वर्ष)
- साक्षात (पुत्र महेश, उम्र 3 वर्ष)
फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम से खुलेगा राज
घटना की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया गया है और वहां से वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं।
पुलिस ने सभी पांचों शवों का पंचायतनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे इस भयानक त्रासदी के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।