वियना: अमेरिका के जॉर्जिया में होमकमिंग के जश्न के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पार्टी में अचानक गोलियां चलने लगीं। DJ की धुन और जश्न के बीच हुई इस फायरिंग में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 35 अन्य घायल हुए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, घायलों में से 25 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जॉर्जिया ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन के अनुसार, घटना रविवार, 4 अक्टूबर 2026 की तड़के वियना शहर में हुई। स्थानीय समय के मुताबिक रात करीब 1 बजकर 25 मिनट पर इलाके में गश्त कर रहे शेरिफ के एक डिप्टी ने गोलियों की आवाज सुनी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भेजा गया।
पार्टी के बीच अचानक शुरू हुई गोलीबारी
पाइन स्ट्रीट पर जब पुलिसकर्मी फायरिंग वाली जगह पहुंचे तो वहां कई लोग गोली लगने से घायल मिले। जांचकर्ताओं के मुताबिक, घायलों की उम्र 41 से 51 साल के बीच है। उन्हें इलाज के लिए इलाके के अलग-अलग अस्पतालों में ले जाया गया।
फायरिंग में मारे गए दोनों लोगों के शव पाइन स्ट्रीट पर गोलीबारी वाली जगह से कुछ ब्लॉक की दूरी पर मिले। अधिकारियों ने दोनों को घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में भारी अफरा-तफरी का माहौल रहा।
एक हजार से ज्यादा लोग थे मौजूद, दो जगहों पर चलीं 50 गोलियां
डूली काउंटी के शेरिफ क्रेग पीवी के मुताबिक, पाइन स्ट्रीट पर होमकमिंग के जश्न के तहत आयोजित ब्लॉक पार्टी में एक हजार से ज्यादा लोग जमा हुए थे। इसी दौरान एक ब्लॉक की दूरी पर मौजूद दो अलग-अलग जगहों पर करीब 50 गोलियां चलाई गईं।
इस गोलीबारी में दो लोगों की मौत हुई। अधिकारियों ने बताया कि दोनों को मौके पर ही मृत घोषित कर दिया गया। उनके शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। हालांकि, इतनी बड़ी भीड़ के बीच फायरिंग की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।
मारे गए दोनों युवकों की हुई पहचान
अधिकारियों ने गोलीबारी में मारे गए दोनों लोगों की पहचान 21 वर्षीय जैकवियन जैक्सन और 23 वर्षीय मैकेलेब जैक्सन के रूप में की है।
जांचकर्ताओं ने अभी यह जानकारी नहीं दी है कि फायरिंग आखिर क्यों की गई। यह भी स्पष्ट नहीं है कि गोली चलाने वाले कितने लोग थे या हमलावरों ने किसी खास व्यक्ति को निशाना बनाया था।
पुलिस को हमलावरों की तलाश, आम लोगों को खतरा नहीं
जॉर्जिया ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन के अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच जारी है। जांच टीम घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है और गोलीबारी के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
अधिकारियों ने फिलहाल फायरिंग के पीछे की वजह या किसी संदिग्ध के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की है। पुलिस का कहना है कि इस समय आम लोगों के लिए कोई खतरा नहीं है।