लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटी समाजवादी पार्टी ने हर विधानसभा क्षेत्र में अपने वोट बढ़ाने का लक्ष्य तय किया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के बाद कहा कि पार्टी प्रत्येक विधानसभा में 27 हजार वोट बढ़ाने के लक्ष्य के साथ काम करेगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए पार्टी उन परिवारों तक पहुंचेगी, जिनके साथ अन्याय या अत्याचार हुआ है।
अखिलेश यादव के मुताबिक, ऐसे परिवारों को पार्टी से जोड़कर सपा अपने वोट बढ़ाने की कोशिश करेगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए तकनीक का इस्तेमाल करने के साथ लोगों के घरों तक पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनी जाएंगी और उन्हें न्याय व सम्मान दिलाने की बात की जाएगी।
सरकार बनी तो फर्जी मुठभेड़ों की होगी जांच
अखिलेश यादव ने कहा कि अगर सपा की सरकार बनी तो गाड़ी पलटने की घटनाओं की रिमोट सेंसिंग तकनीक के जरिए जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यह भी पता लगाया जाएगा कि रास्ते में कहां-कहां और क्या बदलाव हुआ। फर्जी मुठभेड़ों की भी जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात उन्होंने कही।
सपा प्रमुख ने कहा कि ऐसी जांच के लिए जितना भी धन जरूरी होगा, सरकार उसकी व्यवस्था करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि आधुनिक तकनीक का सबसे ज्यादा इस्तेमाल खेती, इलाज और पढ़ाई के क्षेत्र में किया जाएगा।
अखिलेश का दावा- 72 जिलों में 151 से ज्यादा प्रतिमाएं तोड़ी गईं
पार्टी कार्यालय में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश के 72 जिलों में 151 से ज्यादा स्थानों पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाएं तोड़ी गईं। उनके मुताबिक, इनमें सबसे ज्यादा मामले बलिया में सामने आए, लेकिन केवल 14 मामलों में गिरफ्तारियां हुईं।
उन्होंने भाजपा सरकार पर एक्सप्रेसवे के नाम पर जेबें भरने का आरोप लगाया और कहा कि पेपरलीक के मामलों में उत्तर प्रदेश सबसे आगे रहा।
गोंडा मामले के मुकदमे वापस लेने की बात
एक सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि अगर उनकी सरकार बनती है तो गोंडा प्रकरण में दर्ज सभी मुकदमे वापस लिए जाएंगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि चुनाव तक PDA समाज के अधिकारियों को महत्वहीन कर दिया जाएगा।
ओमप्रकाश राजभर की इंटरनेट मीडिया पर कम होती पोस्ट को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि पासवर्ड छिन जाने से बार्गेनिंग हो रही होगी।
महिलाओं को एक लाख रुपये देने की सरकार की व्यवस्था को लेकर भी अखिलेश यादव ने कहा कि जिस बैंक से यह व्यवस्था की जाएगी, उसी बैंक से लेकर उनकी सरकार महिलाओं को दो लाख रुपये देगी।
राहुल गांधी के बयान पर भी बोले अखिलेश
राहुल गांधी के एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को लेकर की गई टिप्पणी पर सवाल पूछे जाने पर अखिलेश यादव ने कहा कि यह भी देखना चाहिए कि ‘एकरंगी वाले एक मां को कह रहे थे कि भाषण मत दो’।
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में सपा की ओर से उतारे गए छात्र की हार पर भी अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वहां धांधली नहीं होती तो सपा का उम्मीदवार ही जीतता।
24 सितंबर को PDA रथ से रायबरेली जाएंगे अखिलेश
अखिलेश यादव 24 सितंबर को PDA रथ से रायबरेली जाएंगे। कार्यक्रम के मुताबिक, वह शहर से दोपहर 12 बजे चुरुआ पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर डेढ़ बजे विधायक राहुल लोधी के आवास जाएंगे।
अखिलेश यादव शाम पांच बजे तक रायबरेली में रहेंगे और इस दौरान कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।