लखनऊ। राजधानी की उभरती युवा निशानेबाज 10 वर्षीय भार्गवी राय ने निशानेबाजी के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए 69वीं NSCC नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप-2026 के लिए क्वालीफाई किया है। वह सब-यूथ 10 मीटर एयर पिस्टल महिला वर्ग में राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करेंगी। राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन दिसंबर 2026 में प्रस्तावित है।
भार्गवी ने हाल ही में अयोध्या में आयोजित 29वीं प्री-स्टेट चैंपियनशिप-2026 में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 400 में 354 अंक हासिल किए और व्यक्तिगत कांस्य पदक जीता।
इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अपनी जगह सुनिश्चित की। महज 10 वर्ष की आयु में राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई करना भार्गवी की प्रतिभा और कठिन परिश्रम को दर्शाता है।
शूटिंग चैम्प्स एकेडमी, लखनऊ के अनुसार, भार्गवी नियमित अभ्यास के साथ तकनीक, एकाग्रता और मानसिक दृढ़ता पर विशेष रूप से काम कर रही हैं।
भार्गवी को हाई परफॉर्मेंस कोच मानवेंद्र प्रसाद, NS NIS एवं ISSF (जर्मनी से प्रमाणित), लखनऊ के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त हो रहा है। कोच मानवेंद्र प्रसाद ने भार्गवी के प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास और अनुशासन के साथ उनमें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने की पर्याप्त क्षमता है।
शूटिंग चैम्प्स एकेडमी, लखनऊ ने भार्गवी की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना न केवल भार्गवी के लिए बल्कि उत्तर प्रदेश की युवा निशानेबाजी प्रतिभाओं के लिए भी उत्साहजनक है।
दिसंबर में होने वाली 69वीं NSCC नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में भार्गवी के प्रदर्शन पर अब खेलप्रेमियों की निगाहें रहेंगी।