नई दिल्ली। आगामी त्यौहारों (नवरात्रि, दशहरा और दिवाली) से ठीक पहले आम जनता की जेब पर बड़ा झटका लगा है। चीनी, गुड़ और मिठाइयों की कीमतों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जहां जुलाई में चीनी के दाम 2.73% बढ़े, वहीं अब बाजारों में शक्कर की खुदरा कीमत 60 रुपये प्रति किलो के आंकड़े को पार कर गई है, जो जुलाई में औसतन 48 रुपये प्रति किलो थी।
चीनी की कीमतों में दर्ज उछाल (मासिक तुलना)
चीनी की महंगाई दर देश की कुल खुदरा महंगाई (0.9%) से तीन गुना से भी अधिक रफ्तार से बढ़ रही है:
- जुलाई: +2.73%
- जून: +0.63%
- मई: +0.44%
- अप्रैल: +0.09%
सालाना आधार पर भी जुलाई में चीनी की महंगाई बढ़कर 4.92% तक पहुंच चुकी है, जो कुल खुदरा महंगाई (4.44%) से अधिक है।
गुड़ और मिठाइयां भी हुईं महंगी
शक्कर के अलावा मिठास के अन्य विकल्पों पर भी महंगाई की मार साफ दिख रही है:
- गुड़ की स्थिति: जुलाई में गुड़ के दाम मासिक आधार पर 1.76% बढ़े, जबकि इसकी सालाना महंगाई दर बढ़कर 6.28% हो गई है।
- मिठाइयों के दाम: दूध के अलावा अन्य घटकों से बनने वाली मिठाइयों की कीमतों में जुलाई के दौरान 0.63% का इजाफा हुआ। इसकी सालाना महंगाई दर 6.08% पर पहुंच गई है, जो बीते सात महीनों का उच्चतम स्तर है।
त्योहारों में बजट बिगड़ने की आशंका
आमतौर पर त्यौहारों के मौसम में मांग बढ़ने से दाम चढ़ते हैं, लेकिन इस बार मांग में तेजी आने से पहले ही कीमतों में उछाल आ चुका है। हालांकि, पिछले 10 वर्षों के आंकड़े बताते हैं कि सिर्फ 2016, 2021 और 2022 में ही त्यौहारों के दौरान चीनी की महंगाई बढ़ी थी।
मौजूदा स्थिति को देखते हुए इस बार त्यौहारों में आम परिवारों का रसोई और मिठास का बजट प्रभावित होना तय माना जा रहा है।