नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, झारखंड और ओडिशा समेत देश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने 18 राज्यों में हल्की से लेकर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट के पास बना कम दबाव का क्षेत्र अभी सक्रिय है। इसके प्रभाव से पूर्वी और मध्य भारत में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ की स्थिति बनने की आशंका है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मिट्टी खिसकने का खतरा बढ़ गया है।
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, महाराष्ट्र, कर्नाटक और केरल में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है।
यूपी के इन जिलों में आज बारिश के आसार
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 31 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट है। वाराणसी, गोरखपुर, आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, मऊ, जौनपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, संत कबीर नगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, भदोही, चंदौली, मिर्जापुर, मेरठ, शामली, गाजियाबाद, बुलंदशहर, मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, अमरोहा और संभल में बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर आंधी के साथ बिजली गिरने का भी खतरा है।
बिहार में 5 सितंबर तक बारिश का दौर
बिहार में 31 अगस्त को कई जगहों पर बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। 1 और 2 सितंबर को भी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इसके बाद 3 से 5 सितंबर के बीच कुछ इलाकों में बारिश होने के आसार हैं। पिछले 24 घंटों में औरंगाबाद में करीब 8 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई है।
उत्तराखंड में फ्लैश फ्लड का बढ़ा खतरा
उत्तराखंड में 31 अगस्त को मौसम सबसे अधिक खराब रहने की संभावना है। राज्य में 31 अगस्त और 1 सितंबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, देहरादून, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल और उत्तरकाशी में कम से मध्यम स्तर के फ्लैश फ्लड का खतरा बताया है।
हिमाचल के कई जिलों में 5 सितंबर तक भारी बारिश
हिमाचल प्रदेश में भी 31 अगस्त से बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। शिमला, सिरमौर, चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू और लाहौल-स्पीति समेत कई जिलों में 31 अगस्त से 5 सितंबर के बीच भारी बारिश हो सकती है।
झारखंड में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी
झारखंड में 31 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। राज्य में 31 अगस्त से 2 सितंबर तक कई इलाकों में बारिश जारी रह सकती है। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, पलामू, हजारीबाग, गढ़वा और चतरा में अगले 24 घंटे के दौरान कम से मध्यम स्तर के फ्लैश फ्लड का खतरा बताया गया है। लगातार बारिश के चलते निचले इलाकों में पानी भरने और तेज बहाव की स्थिति पैदा हो सकती है।
ओडिशा और छत्तीसगढ़ में अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट
ओडिशा में 31 अगस्त को अत्यंत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। 1 सितंबर को भी राज्य के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं, छत्तीसगढ़ में 31 अगस्त को अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली में आज बादल, कल बारिश और आंधी के आसार
दिल्ली में 31 अगस्त को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। 1 सितंबर को दोपहर से शाम के बीच कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना है।