नागपुर: महाराष्ट्र के नागपुर के गोधनी इलाके में सोमवार को क्लोरीन गैस लीक होने से हड़कंप मच गया। पानी साफ करने के लिए चल रहे एक प्रोजेक्ट के दौरान गैस का रिसाव हुआ, जिसके संपर्क में आने से कई लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। करीब 35 से 40 लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। वहीं, एहतियात के तौर पर करीब 125 से 150 परिवारों को घरों से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
पानी साफ करने के प्रोजेक्ट के दौरान हुआ गैस रिसाव
गोधनी नगर पंचायत में पानी साफ करने का प्रोजेक्ट चल रहा था। इसी दौरान क्लोरीन गैस का रिसाव हो गया। गैस की चपेट में आने से प्रोजेक्ट में काम कर रहे करीब 8 से 10 कर्मचारियों के अलावा आसपास रहने वाले 20 से 25 लोगों को भी सांस लेने में दिक्कत होने लगी। इसके बाद सभी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
कुछ मरीजों की हालत गंभीर, आईसीयू में भर्ती
गैस के संपर्क में आने वाले लोगों में से चार से पांच मरीजों को गहन चिकित्सा इकाई में रखा गया है। वहीं, बाकी लोगों का सामान्य वार्ड में इलाज चल रहा है। इलाज के बाद 12 लोगों को अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई है। फिलहाल करीब 35 से 40 लोगों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार जारी है।
150 परिवारों को सुरक्षित जगह पहुंचाया गया
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। इलाके में राहत और बचाव का काम शुरू किया गया। गैस रिसाव को देखते हुए आसपास के घरों को खाली कराया गया और करीब 125 से 150 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
एनडीआरएफ समेत कई टीमें मौके पर
घटना के बाद राहत और बचाव अभियान में एनडीआरएफ, नागपुर नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं। अधिकारियों की निगरानी में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ प्रभावित लोगों को इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।