मुंबई: रियलिटी शो से चर्चा में आईं फरहाना भट्ट की निजी जिंदगी इन दिनों सुर्खियों में बनी हुई है। हाल ही में खुद को फरहाना की बहन बताने वाली फैजाना के आरोपों के बाद अब इस पूरे विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। फैजाना ने दावा किया था कि फरहाना ने अपनी मां को घर से निकाल दिया और हालात इतने बिगड़े कि उन्हें अस्पताल तक पहुंचना पड़ा। अब इन आरोपों पर अभिनेत्री की मां अफरोजा सामने आई हैं और उन्होंने वीडियो जारी कर अपनी बात रखी है।
अफरोजा के बयान के बाद इस विवाद को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा और तेज हो गई है।
मां ने वीडियो जारी कर बेटी का किया बचाव
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में अफरोजा ने बेटी फरहाना का समर्थन करते हुए कहा कि उनके बारे में जो बातें कही जा रही हैं, वे सही नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि उन्हें मजबूरी में सामने आकर बोलना पड़ा क्योंकि पिछले कुछ दिनों से लगातार यह दावा किया जा रहा था कि उन्हें घर से निकाल दिया गया है। अफरोजा ने साफ कहा कि किसी में इतनी हिम्मत नहीं है कि उन्हें उनकी बेटी के घर से बाहर निकाल सके।
उन्होंने कहा कि फरहाना उनकी बेटी थी, है और आगे भी रहेगी तथा वह ऐसा करने के बारे में सोच भी नहीं सकती।
‘मेरी बेटी ने यहां तक पहुंचने के लिए बहुत मेहनत की’
वीडियो में अफरोजा ने आगे कहा कि सोशल मीडिया पर कई तरह के संदेश और स्क्रीनशॉट साझा किए जा रहे हैं, लेकिन जिन बातों का कोई आधार नहीं है, उन पर प्रतिक्रिया देने का कोई मतलब नहीं है।
उन्होंने कहा कि उनकी बेटी ने अपने करियर में यहां तक पहुंचने के लिए काफी मेहनत की है और वह उसकी मेहनत को बेकार नहीं जाने देंगी। साथ ही उन्होंने कहा कि जो लोग फरहाना के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें यह समझना चाहिए कि वह अपनी बेटी के साथ खड़ी हैं।
बहन ने लगाए थे गंभीर आरोप
इससे पहले खुद को फरहाना की बहन बताने वाली फैजाना ने एक बयान जारी किया था। उसमें उन्होंने दावा किया था कि दोनों एक साथ बड़े हुए हैं और परिवार लंबे समय तक साथ रहा।
फैजाना ने आरोप लगाया था कि बाद के समय में परिवार के रिश्तों में दूरी आई और उनकी मां को मानसिक और भावनात्मक रूप से कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने यह भी दावा किया था कि मामला पुलिस तक पहुंच चुका है और उनके पास अपने दावों से जुड़े सबूत मौजूद हैं।
सोशल मीडिया पर बंटी राय
मामले के सार्वजनिक होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कुछ लोग मां के सामने आने को समर्थन के रूप में देख रहे हैं, वहीं कई लोग पूरे मामले में दोनों पक्षों के सामने आने का इंतजार करने की बात कह रहे हैं।
फिलहाल इस विवाद को लेकर चर्चा जारी है और लोगों की नजर आगे आने वाले बयानों पर बनी हुई है।