नई दिल्ली: करेले का जूस स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी माना जाता है। यह शरीर को प्राकृतिक रूप से डिटॉक्स करने के साथ-साथ पाचन तंत्र को बेहतर बनाने में मदद करता है। वजन कम करने वालों के लिए भी इसे फायदेमंद बताया जाता है। हालांकि, इसके कड़वे स्वाद के कारण कई लोग इसे पीने से बचते हैं, लेकिन सही तरीके से तैयार किया जाए तो इसका स्वाद काफी हद तक संतुलित किया जा सकता है और इसे आसानी से पिया जा सकता है।
करेले का जूस बनाने के लिए क्या चाहिए सामग्री
करेले का जूस तैयार करने के लिए कुछ सामान्य सामग्रियों की जरूरत होती है। इसमें 2 करेले, 1 नींबू, अदरक का एक छोटा टुकड़ा, स्वादानुसार काला नमक और लगभग आधा गिलास पानी शामिल है।
करेले की कड़वाहट कम करने का आसान तरीका
करेले के जूस की सबसे बड़ी समस्या उसकी कड़वाहट होती है। इसे कम करने के लिए सबसे पहले करेले को अच्छी तरह धोकर उसके दोनों किनारे काट लें। इसके बाद इसे छोटे टुकड़ों में काटकर हल्का नमक लगाकर करीब 10 मिनट के लिए छोड़ दें। नमक की मदद से करेले की कड़वाहट काफी हद तक कम हो जाती है। तय समय के बाद टुकड़ों को दोबारा साफ पानी से धो लिया जाता है।
इस तरह मिनटों में तैयार करें करेले का जूस
कड़वाहट कम करने के बाद करेले के टुकड़ों को मिक्सी में डाल दिया जाता है। इसके साथ अदरक, नींबू का रस, काला नमक और आधा गिलास पानी मिलाकर सभी चीजों को अच्छी तरह ब्लेंड किया जाता है। मिश्रण को तब तक पीसा जाता है जब तक यह स्मूद न हो जाए। इसके बाद जूस को छानकर तुरंत इस्तेमाल किया जा सकता है।
करेले के जूस के फायदे
करेले का जूस शरीर के लिए कई तरह से लाभकारी माना जाता है। यह शरीर से टॉक्सिन्स निकालने में मदद करता है और पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है। नियमित सेवन से मेटाबॉलिज्म बेहतर होने की बात कही जाती है, जिससे वजन नियंत्रित करने में मदद मिलती है। साथ ही यह इम्यूनिटी यानी रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी सपोर्ट करता है।