तमिलनाडु की राजनीति में इस समय ‘रील लाइफ’ और ‘रियल लाइफ’ का एक बेहद दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है। मंगलवार को तमिलनाडु विधानसभा में उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया जब मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सत्ता से बाहर हुई DMK सरकार के कथित भ्रष्टाचार पर तीखा हमला बोला। विजय के तेवरों को देखकर DMK विधायकों ने सदन में जमकर नारेबाजी की और बाद में विरोध जताते हुए वॉकआउट कर गए।
लेकिन इस पूरे सियासी ड्रामे का सबसे बड़ा हाइलाइट रहा मुख्यमंत्री विजय का ‘फिल्मी इशारा’. भाषण खत्म करने से ठीक पहले विजय ने स्पीकर से अनुमति ली और अपने पुराने सिनेमाई अंदाज में हाथ से एक खास इशारा किया। यह जेस्चर देखते ही सदन तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से वायरल हो रहा है।
एम.के. स्टालिन के ‘उस’ पुराने इशारे से क्यों हो रही है तुलना?
सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री विजय के इस नए जेस्चर की तुलना पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के उस चर्चित हाथ के इशारे से की जा रही है, जो इसी साल (2026) वायरल हुआ था।
- क्या था स्टालिन का वो वाकया? कांग्रेस के साथ सीट शेयरिंग की बातचीत फाइनल करने के बाद जब स्टालिन DMK मुख्यालय से बाहर निकले, तो उन्होंने पत्रकारों की तरफ हाथ उठाकर एक खास संकेत दिया था. सोशल मीडिया पर इसे ‘सब तय हो गया’ या ‘मामला खत्म’ माना गया था।
- स्टालिन की सफाई: हालांकि, बाद में स्टालिन ने सफाई देते हुए कहा था कि वह कोई राजनीतिक संकेत नहीं था, बल्कि पत्रकारों के पूछने पर कि ‘बातचीत खत्म हुई या नहीं’, उन्होंने सहज रूप से हाथ हिलाकर कहा था ‘हो गया, खत्म हो गया। अब विजय के विधानसभा वाले नए इशारे ने इसी पुरानी बहस को फिर से जिंदा कर दिया है।
“हम अभिनेता की पार्टी नहीं, जनता की पसंद हैं” – CM विजय
मुख्यमंत्री विजय ने उन आलोचकों को भी करारा जवाब दिया जो उन्हें महज एक फिल्म स्टार की पार्टी कहकर खारिज करते थे। उन्होंने अपने संबोधन में दो टूक कहा “ज्यादातर लोग पहले राजनीतिक दल बनाते हैं और फिर जनता के पास वोट मांगने जाते हैं। लेकिन हमारा रास्ता अलग था, हम पहले जनता के पास गए और उनके समर्थन के बाद हमने पार्टी बनाई. जो इस फर्क को नहीं समझते, वही हमें सिर्फ एक अभिनेता की पार्टी कहते हैं।”
2026 के चुनावी आंकड़ों से विपक्ष को घेरा
अपनी सरकार की राजनीतिक ताकत का अहसास कराते हुए मुख्यमंत्री विजय ने 2026 के विधानसभा चुनाव के नतीजों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा अकेले लड़ा चुनाव: “2026 के विधानसभा चुनाव में हमने किसी भी दल से गठबंधन नहीं किया और अकेले चुनाव मैदान में उतरे।”
- वोट शेयर का दबदबा: “तमिलनाडु की जनता ने हमारी नीति को समझा और हमें 35 प्रतिशत वोट दिए.”
- ऐतिहासिक जनसमर्थन: “हमारी पार्टी को 1.72 करोड़ वोट मिले, जिसके दम पर आज हम एक बड़ी स्वतंत्र राजनीतिक शक्ति के रूप में सरकार चला रहे हैं।”
पेरियार और अंबेडकर के सिद्धांतों पर चलेगी सरकार
विजय ने अपनी सरकार का राजनीतिक दर्शन (Political Ideology) साफ करते हुए द्रविड़ आंदोलन के जनक पेरियार ई.वी. रामासामी और बाबासाहेब अंबेडकर का जिक्र किया।
- उन्होंने स्पष्ट किया कि भले ही वे पेरियार की धार्मिक आस्था को अस्वीकार करने वाली बात से सहमत न हों, लेकिन उनके सामाजिक न्याय और व्यापक सिद्धांतों को उन्होंने पूरी तरह अपनाया है।
- इसके साथ ही उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर के समान अवसर के विचारों और के. कामराज के ईमानदार प्रशासन मॉडल को अपनी राजनीति की आधारशिला बताया।
अन्ना और एमजीआर से की तुलना: अपनी सरकार को आम लोगों की सरकार बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जैसे पूर्व में अन्नादुरई (अन्ना) और एमजीआर के दौर में बेहद साधारण लोगों की सरकारें चलती थीं, वैसे ही आज विजय के नेतृत्व वाली यह सरकार सबसे आम और साधारण लोगों की सरकार है।