राजधानी दिल्ली और आसपास के NCR क्षेत्रों में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि अगले दो घंटों के भीतर दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में तेज आंधी और बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
50-80 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार शाम 5 बजे से 7 बजे के बीच कई इलाकों में 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
इसके साथ ही मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। किसी एक स्थान पर बारिश 30 से 45 मिनट तक जारी रह सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
प्री-मानसून एक्टिविटी से बदल रहा मौसम
हालांकि दिल्ली-NCR में अभी दक्षिण-पश्चिम मानसून की एंट्री नहीं हुई है, लेकिन प्री-मानसून गतिविधियों के चलते मौसम लगातार बदल रहा है। मौसम विभाग ने पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में भी अगले दो दिनों तक बारिश की संभावना जताई है।
तापमान और उमस ने बढ़ाई परेशानी
बीते दिनों बारिश के बाद 17 जून को तेज धूप के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। अधिकतम तापमान 38.1°C और न्यूनतम 23.8°C दर्ज किया गया, जबकि आर्द्रता 85% तक पहुंच गई। पिछले 24 घंटों में करीब 3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।
अगले कुछ दिन कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में बादल छाए रहेंगे, हल्की बूंदाबांदी और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहेगा। अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 से 27 डिग्री के बीच रह सकता है। कुछ इलाकों में धूल भरी हवाएं भी चल सकती हैं।
AQI ‘मध्यम’ श्रेणी में
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार दिल्ली का औसत AQI 132 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। NCR के अन्य शहरों-फरीदाबाद (118), गुरुग्राम (122), गाजियाबाद (114), ग्रेटर नोएडा (125) और नोएडा (128)-में भी वायु गुणवत्ता इसी श्रेणी में बनी हुई है।तेज हवाओं और बारिश के दौरान खुले में जाने से बचें, पेड़ों और कमजोर संरचनाओं से दूरी बनाए रखें।