नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में दोपहर के बाद मौसम ने एकाएक करवट ले ली है। सुबह से ही चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी से बेहाल लोगों को दोपहर बाद चली धूल भरी तेज आंधी से राहत तो मिली, लेकिन अचानक बदले इस मिजाज ने रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया।
शहर के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ आसमान में धूल की मोटी चादर बिछ गई, जिसके बाद मौसम विभाग (IMD) ने आनन-फानन में ‘रेड अलर्ट’ जारी कर दिया।
आंधी के तुरंत बाद दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में तेज बारिश भी शुरू हो गई है। मौसम के इस अचानक बदले रूप का असर विमान सेवाओं पर भी देखने को मिला। राजधानी के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट, विशेषकर टर्मिनल-3 के आसपास अचानक विजिबिलिटी (दृश्यता) बेहद कम हो गई।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में धूल भरी आंधी के बाद बारिश, गरज-चमक के साथ 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। दोपहर 2:30 बजे पालम वेधशाला में हवा की अधिकतम रफ्तार 92 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने लोगों को बिना वजह घरों से बाहर न निकलने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।