पंजाब के मोहाली जिले के कुराली इलाके से दिन-दिहाड़े अपहरण की एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ कुछ बदमाशों ने अपने दादा-दादी के साथ जा रहे एक 4 साल के मासूम बच्चे का जबरन अपहरण कर लिया। इस दौरान जब बुजुर्ग दादा-दादी ने बच्चे को बचाने की कोशिश की, तो किडनैपर्स ने उन पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। यह पूरी वारदात वहाँ लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जान पर खेलकर किया मुकाबला
रिपोर्ट्स के मुताबिक, CCTV फुटेज में देखा गया कि बच्चा अपने दादा-दादी के साथ सड़क पर था, तभी अचानक एक तेज रफ्तार गाड़ी वहाँ आकर रुकती है। गाड़ी से उतरे लोग बच्चे को जबरन खींचने लगते हैं। बुजुर्ग दादा-दादी ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों का कड़ा मुकाबला किया और बच्चे को उनकी चंगुल से छुड़ाने की पूरी कोशिश की।
बदमाशों ने बुजुर्गों को पीछे धकेल दिया और बच्चे को गाड़ी में डाल लिया। जब दादा-दादी गाड़ी के आगे आ गए, तो किडनैपर्स ने उन्हें कुचलने की परवाह किए बिना गाड़ी तेजी से आगे बढ़ा दी और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस की शुरुआती जांच और पीड़ित परिवार के बयानों के मुताबिक, यह मामला किसी पेशेवर किडनैपिंग गैंग का न होकर आपसी पारिवारिक विवाद का लग रहा है। बच्चे के पिता ने बताया कि उनका अपनी पत्नी के साथ काफी समय से विवाद चल रहा है और बच्चे की कस्टडी को लेकर कोर्ट में केस भी लंबित है। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के चलते बच्चे को जबरन ले जाने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने शुरू की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर गाड़ी के नंबर और आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। उन्होंने ये भी कहा की मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ लग रहा है, लेकिन कानून को हाथ में लेने और बुजुर्गों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। बच्चे की सुरक्षित बरामदगी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर दी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।