अपनी दमदार वापसी और चार्टबस्टर गानों के लिए चर्चा में रहने वाले रैपर Yo Yo Honey Singh एक बार फिर विवादों के घेरे में हैं। इस बार वजह कोई गाना नहीं, बल्कि दिल्ली के एक लाइव कॉन्सर्ट में दिया गया उनका एक ऐसा बयान है जिसने सोशल मीडिया पर ‘आग’ लगा दी है। हालांकि, हर तरफ से घिरने के बाद अब पाजी ने सबसे हाथ जोड़कर माफी मांगी है।
क्या है पूरा मामला?
हाल ही में दिल्ली में ‘नंकु और करुण’ के एक म्यूजिक शो में हनी सिंह बतौर गेस्ट पहुंचे थे। वहां जोश-जोश में उन्होंने दिल्ली की सर्दी का जिक्र करते हुए भीड़ के सामने कुछ ऐसी वल्गर और ओफेंसिव बातें कह दीं, जिसे सुनकर वहां मौजूद लोग भी दंग रह गए। उन्होंने खुलेआम युवाओं को गाड़ियों में सेक्शुअल इंटरकोर्स बनाने जैसी बातें कहीं, जिसका वीडियो वायरल होते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
सोशल मीडिया पर मचा बवाल
वीडियो वायरल होते ही नेटिज़न्स ने हनी सिंह को आड़े हाथों लिया। किसी ने उन्हें ‘पुराना हनी सिंह’ कहा, तो किसी ने उन्हें अपनी उम्र और जिम्मेदारी का एहसास दिलाया। इंटरनेट पर जनता ने उन्हें जमकर ट्रोल किया है। लोगों का कहना है कि जिसे हनी सिंह ‘Gen Z वाली भाषा’ कह रहे हैं, वो असल में बेहद घिनौनी और औरतों का अनादर करने वाली बात थी।

हनी सिंह की सफाई
विवाद बढ़ता देख हनी सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी किया। उन्होंने अपनी सफाई में एक अजीबोगरीब लॉजिक देते हुए कहा की ‘मैं कॉन्सर्ट से दो दिन पहले कुछ गायनेकोलॉजिस्ट और सेक्सोलॉजिस्ट से मिला था। उन्होंने बताया कि युवाओं में STDs यानि (यौन रोग) बढ़ रहे हैं। मैं Gen Z को अपनी भाषा में ‘Safe Sex’ और कंडोम के इस्तेमाल का संदेश देना चाहता था। मुझे लगा OTT वाली बोल्ड भाषा उन्हें जल्दी समझ आएगी’।
‘इंसान गलतियों का पुतला है’
अपनी सफाई के अंत में हनी सिंह ने एक्सेप्ट किया कि उनका तरीका गलत था। उन्होंने कहा, ‘इंसान गलतियों का पुतला है, मुझसे गलती हुई। मैं आगे से अपनी ज़बान और शब्दावली पर पूरा कंट्रोल रखूंगा’।