लखनऊ। लखनऊ क्रिकेट के लिए गर्व का पल है। शहर के चार उभरते हुए क्रिकेटरों का चयन प्रदेश अंडर-14 टीम में हुआ है, जो आगामी राजसिंह डूंगरपुर अंडर-14 ट्रॉफी में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 15 जनवरी 2026 से इंदौर में आयोजित किया जा रहा है।
क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ के सचिव के.एम. खान ने जानकारी देते हुए बताया कि लखनऊ के मोहम्मद शारिम, सैयद अरमान रज़ा, विख्यात मिश्रा और रुद्रांश सुनील तिवारी को उनके शानदार और निरंतर प्रदर्शन के आधार पर प्रदेश टीम में जगह मिली है। ये चारों खिलाड़ी अब प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए राजसिंह डूंगरपुर अंडर-14 ट्रॉफी में हिस्सा लेंगे।
के.एम. खान ने कहा कि चयनित खिलाड़ियों ने हालिया मुकाबलों में बेहतरीन खेल दिखाकर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है और उनसे टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन की पूरी उम्मीद है।
प्रदेशीय टीम में स्थान बनाकर खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत का लोहा मनवाया है। टूर्नामेंट को लेकर उनकी तैयारियां पूरी हैं और उनसे शानदार प्रदर्शन की पूरी उम्मीद जताई जा रही है।
वहीं, क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ के पदाधिकारियों ने सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न सिर्फ खिलाड़ियों बल्कि पूरे लखनऊ क्रिकेट के लिए उत्साह बढ़ाने वाली है। उम्मीद जताई गई कि ये युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की दिशा में मजबूत कदम रखेंगे।