लखनऊ। हाल के दिनों में महिला क्रिकेट ने देश का नाम रौशन किया है। अब बीसीसीआई भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है। दरअसल, भारतीय महिला टीम के लिए तेज गेंदबाजों की खोज शुरू कर दी गई है और इसके लिए बीसीसीआई ने ‘स्पीड क्वीन अभियान’ शुरू करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए संगठन ने योजना बनाना भी शुरू कर दिया है।
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) की गवर्निंग काउंसिल ने गाजीपुर में UP T20 लीग के लिए महिला गेंदबाजों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) की गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संज़ीव कुमार सिंह ने बताया कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने नई महिला गेंदबाजों की खोज के लिए ‘स्पीड क्वीन अभियान’ शुरू किया है। इस अभियान के तहत महिला खिलाड़ियों से ऑनलाइन आवेदन मांगे जा रहे हैं।
यह पहल भारतीय महिला क्रिकेट टीम की हालिया उपलब्धियों के बाद और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है, जिसने हाल ही में विमेंस वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल जीतकर इतिहास रचा। उम्मीदवार महिला खिलाड़ियों को इस अवसर के जरिए अपने कौशल को दिखाने और प्रोफेशनल मंच पर आने का मौका मिलेगा।
टीम इंडिया की महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रचा, देश में बेटियों के खेल को नया जोश
गौरतलब है कि हाल ही में टीम इंडिया ने विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर खिताब जीता। इस जीत ने महिला क्रिकेट को लेकर पूरे देश में उत्साह का नया माहौल बना दिया है।
भारत की बेटियों ने 47 साल के इंतजार के बाद देश का यह सपना साकार किया, और इसके बाद से कई परिवार अपनी बेटियों को क्रिकेटर बनाने का सपना देखने लगे हैं। अब ग्रामीण इलाकों में भी बेटियां क्रिकेट खेलती दिखाई देने लगी हैं, जो इस खेल के प्रति बढ़ती रुचि और समान अवसर की दिशा में सकारात्मक संकेत हैं।
स्पीड क्वीन अभियान: महिला गेंदबाजों को आवेदन और वीडियो अपलोड करना होगा
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) के सदस्य संजिव कुमार सिंह ने बताया कि इस अभियान में भाग लेने वाली महिला गेंदबाजों को अपने गेंदबाजी कौशल का वीडियो बनाना होगा। यह वीडियो कई फॉर्मेट में स्वीकार्य होगा और अधिकतम 10 MB तक ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किया जा सकता है। वीडियो में गेंदबाज, स्टांप और गेंद स्पष्ट रूप से दिखाई देनी चाहिए, ताकि चयन समिति बारीकी से प्रदर्शन का मूल्यांकन कर सके।
ऐसे करें आवेदन
महिला खिलाड़ियों को speedqueen.com पर रजिस्ट्रेशन करना होगा और अपना वीडियो अपलोड करना होगा। अपलोड किए गए वीडियो के आधार पर ही चयन समिति उनकी प्रगति का मूल्यांकन करेगी। चयनित खिलाड़ियों को बाद में दिल्ली, लखनऊ, बेंगलुरु, अहमदाबाद और मुंबई में आयोजित ट्रायल के लिए बुलाया जाएगा।