विजय हजारे ट्रॉफी में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ मैच में वैभव सूर्यवंशी का बल्ला रनों की झड़ी लगाता हुआ नजर आया। उन्होंने सिर्फ 36 गेंदों में शतक लगाकर सभी को हैरान कर दिया।
इस उपलब्धि के साथ वैभव लिस्ट ए क्रिकेट में भारत की ओर से सबसे तेज शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनकी इस तूफानी बल्लेबाजी के बाद उन्हें सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली से भी तुलना की जा रही है। माना जा रहा है कि बिहार को एक नया क्रिकेट सितारा मिला है, जैसे झारखंड को धोनी मिला था।
लिस्ट ए क्रिकेट के इतिहास की बात करें तो जेक फ्रेजर-मैकगर्क ने 29 गेंद में शतक लगाकर नया रिकॉर्ड बनाया था। इसके बाद एबी डिविलियर्स का नाम आता है, जिन्होंने 31 गेंदों में शतक लगाया था। तीसरे नंबर पर अनमोलप्रीत सिंह और चौथे नंबर पर कोरी एंडरसन हैं, जिन्होंने 36 गेंद में शतक ठोकने में सफलता हासिल की थी।
वैभव ने अपने शतक की पारी 12वें ओवर में पूरी की। उन्होंने कुल 190 रन बनाए, जिसमें 84 गेंदों पर 16 चौके और 15 छक्के शामिल हैं। उनकी इस पारी ने मैच में धमाकेदार प्रभाव डाला और क्रिकेट फैंस के बीच जोश भर दिया।
भारतीय बल्लेबाज की ओर से सबसे तेज़ लिस्ट ए शतक
- 35 – अनमोलप्रीत सिंह, PUJB बनाम ARP, 2024
- 36 – वैभव सूर्यवंशी, BIH बनाम ARP, आज
- 40 – यूसुफ पठान, BRDA बनाम MAH, 2010
- 41 – उर्विल पटेल, GUJ बनाम ARP, 2023
- 42 – अभिषेक शर्मा, PUJB बनाम MP, 2021
बता दे कि बिहार के इस लाल ने एशिया कप में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।यूएई में चल रहे अंडर-19 एशिया कप में वैभव सूर्यवंशी ने 171 रनों की तूफानी पारी खेलकर सबको हैरान कर दिया। उनकी इस शानदार पारी की बदौलत टीम इंडिया ने 433 रन बनाकर अंडर-19 एशिया कप में इतिहास रच दिया। इससे पहले इस टूर्नामेंट में कभी भी टीम 400 रन का आंकड़ा पार नहीं कर पाई थी।
इस मैच में वैभव सूर्यवंशी ने 14 छक्के लगाकर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया। अब वे यूथ वनडे मैच में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के माइकल हिल के नाम था, जिन्होंने 2008 में नामीबिया के खिलाफ 12 छक्के लगाए थे।