श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नवी मुंबई से यात्रियों को लेकर पहुंचा इंडिगो का विमान पार्किंग के दौरान एक पोल से टकरा गया। हादसा बे नंबर 06 पर विमान को पार्क करने के दौरान हुआ। विमान में उस समय यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। सभी यात्रियों और चालक दल को सुरक्षित विमान से बाहर निकाल लिया गया।
पार्किंग के दौरान VDGS पोल से टकराया विमान
एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक, नवी मुंबई से श्रीनगर आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 225 (VT-NOG) सुबह करीब 9 बजकर 2 मिनट पर पार्किंग प्रक्रिया के दौरान VDGS पोल से टकरा गई। टक्कर के बाद विमान में सवार यात्रियों और चालक दल को मैनुअल सीढ़ियों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
हादसे के बावजूद किसी यात्री या चालक दल के सदस्य के घायल होने की खबर नहीं है। घटना के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा और संचालन से जुड़े अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया।
हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच शुरू
विमान के पोल से टकराने की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने कहा है कि घटना के कारणों और उससे जुड़े हालात की जांच निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित अधिकारी करेंगे।
अथॉरिटी ने साफ किया है कि जांच पूरी होने से पहले हादसे की वजह को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला जा रहा है। घटना के बाद भी श्रीनगर एयरपोर्ट का कामकाज सामान्य बना हुआ है और विमानों की आवाजाही निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी है।
गोवा में भी इंडिगो विमान में आई थी तकनीकी खराबी
इससे पहले गोवा में भी इंडिगो के एक विमान से जुड़ी घटना सामने आई थी। गोवा से दिल्ली जा रहे विमान के उड़ान भरने के बाद उसके इंजन में अचानक खराबी आ गई थी। विमान में उस समय 229 यात्री सवार थे।
इंजन में खराबी के बाद विमान में पूरी आपात स्थिति घोषित करनी पड़ी और उसे वापस गोवा एयरपोर्ट लौटाया गया। विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था।