कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर की गलियों से निकलकर एक क्रिकेटर ने सात समंदर पार वो मुकाम हासिल किया है, जिसने भारतीय क्रिकेट फैंस का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया है। कानपुर के होनहार विकेटकीपर-बल्लेबाज विनायक शुक्ला को ओमान राष्ट्रीय क्रिकेट टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया है। ओमान क्रिकेट (OC) ने इसकी आधिकारिक घोषणा की।
विनायक को दिग्गज खिलाड़ी जतिंदर सिंह की जगह यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। महज डेढ़ साल के छोटे से अंतरराष्ट्रीय करियर में अपनी धाक जमाने वाले विनायक अब आगामी ‘एसीसी मेन्स प्रीमियर कप’ और ‘आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग-2’ में ओमान का नेतृत्व करेंगे।
विनायक शुक्ला ने क्रिकेट का ककहरा कानपुर की मशहूर जेएनटी क्रिकेट संस्था से सीखा है। जैसे ही उनकी कप्तानी की खबर कानपुर पहुंची, जेएनटी क्रिकेट एकेडमी में जश्न का माहौल हो गया। मिठाई बांटी गई और आतिशबाजी हुई।
संस्था के पदाधिकारियों ने भावुक होते हुए कहा "हमारी अकादमी की मिट्टी में खेलकर बड़ा हुआ खिलाड़ी आज एक अंतरराष्ट्रीय टीम की कमान संभालेगा। यह सिर्फ जेएनटी परिवार के लिए नहीं, बल्कि पूरे कानपुर और उत्तर प्रदेश के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।विनायक ने साबित कर दिया कि अगर हुनर और जज्बा हो, तो कानपुर की प्रतिभा विश्व क्रिकेट के शिखर पर पहुंच सकती है।" ओमान क्रिकेट ने यह बड़ा बदलाव भविष्य को ध्यान में रखकर किया है। विनायक से पहले जतिंदर सिंह टीम के कप्तान थे, जिनकी कप्तानी में ओमान ने 19 वनडे में से 11 और 23 टी-20 मैचों में से 7 में जीत दर्ज की थी। जतिंदर के ही नेतृत्व में ओमान ने 2025 एशिया कप और 2026 आईसीसी टी-20 विश्व कप के लिए क्वालिफाई किया था। अब इस शानदार विरासत को आगे ले जाने का जिम्मा 29 वर्षीय विनायक के कंधों पर है।
कानपुर के रहने वाले विनायक शुक्ला दाएं हाथ के आक्रामक विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं। बेहतर मौकों की तलाश में वे कुछ साल पहले ओमान शिफ्ट हो गए थे और वहां घरेलू क्रिकेट में रनों का अंबार लगा दिया। दिसंबर 2024 में उन्होंने ओमान के लिए इंटरनेशनल डेब्यू किया और देखते ही देखते टीम के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ी बन गए।
“वह मैदान को बेहतरीन ढंग से पढ़ते हैं” ओमान क्रिकेट के मुख्य कोच सुलक्षण कुलकर्णी ने विनायक की तारीफ करते हुए कहा कि एक विकेटकीपर होने के नाते विनायक पूरे मैदान को बेहतर ढंग से समझते हैं और उनकी क्रिकेटिंग सूझबूझ लाजवाब है। वहीं ओमान क्रिकेट के सचिव मधु जेसरानी ने इसे ओमान क्रिकेट में “नई नेतृत्व पीढ़ी की शुरुआत” करार दिया है।
कप्तान के तौर पर विनायक शुक्ला की पहली बड़ी परीक्षा अगस्त 2026 में होने वाला ACC Men’s Premier Cup होगी। इसके ठीक बाद वे ICC Cricket World Cup League-2 के निर्णायक मैचों में उतरेंगे। ओमान क्रिकेट बोर्ड को उम्मीद है कि विनायक के शांत और चतुर नेतृत्व में टीम शानदार प्रदर्शन करेगी और साल 2027 में होने वाले आईसीसी क्रिकेट विश्व कप क्वालिफायर के अंतिम चरण में अपनी जगह पक्की करेगी।
क्या आप भी सस्ते होम लोन की तलाश में हैं या किसी हाउसिंग फाइनेंस कंपनी…
मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार का छत्तीसगढ़ दौरा अचानक स्थगित कर दिया गया है।…
लखनऊ । भारत और वेस्टइंडीज के बीच लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए…
लखनऊ। भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए पहले टी20 मुकाबले में युवा ऑलराउंडर नमन…
नई दिल्ली। रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति (MPC) 7 अक्टूबर को सुबह 10 बजे…
नई दिल्ली: वैदिक ज्योतिष में शनि को न्याय और कर्मफल का देवता माना जाता है।…