हॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री और टाइटैनिक फेम केट विंसलेट ने अपने निजी जीवन को लेकर एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि कम उम्र में उनका पहला अंतरंग अनुभव एक महिला के साथ रहा था।
केट विंसलेट ने कहा कि इस अनुभव ने उन्हें खुद को समझने में मदद की और यही वजह रही कि वह अपनी शुरुआती फिल्म हेवनली क्रिएचर्स में पूरी तरह सहज महसूस कर पाईं।
उन्होंने बताया कि उस फिल्म के दौरान वह मानसिक रूप से ज्यादा आत्मविश्वासी थीं, जिसका असर उनकी परफॉर्मेंस में भी साफ नजर आया। अभिनेत्री के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उनके फैंस और फिल्म जगत में इस खुलासे को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

केट विंसलेट ने कहा, “आज मैं अपनी जिंदगी से जुड़ी एक ऐसी बात साझा कर रही हूं, जिसके बारे में मैंने पहले कभी खुलकर नहीं बोला।
कम उम्र में मेरे कुछ शुरुआती अंतरंग अनुभव लड़कियों के साथ रहे। उस दौरान मैंने कुछ लड़कियों और कुछ लड़कों को भी किस किया, लेकिन तब मैं मानसिक रूप से पूरी तरह परिपक्व नहीं थी। मैं खुद यह समझने की कोशिश कर रही थी कि मुझे वास्तव में क्या चाहिए और मैं कौन हूं।

”केट विंसलेट ने आगे कहा, “किशोरावस्था के शुरुआती दौर में मैं खुद को और अपनी भावनाओं को समझने की प्रक्रिया से गुजर रही थी। उस समय मेरे कुछ शुरुआती अनुभव लड़कियों के साथ जुड़े थे, वहीं लड़कों के साथ भी सामान्य स्तर की नजदीकियां रहीं। लेकिन मैं किसी एक दिशा में आगे बढ़ने को लेकर निश्चित नहीं थी।”

उन्होंने कहा, “मेरी जिंदगी के उस पड़ाव पर मैं सीखना और समझना चाहती थी। मुझे लगता है कि उन दो महिलाओं के बीच मौजूद गहरे भावनात्मक रिश्ते को मैं अच्छी तरह समझ पाई थी। मैं बहुत जल्दी उस दुनिया की ओर आकर्षित हो गई, जिसका असर आगे चलकर उनके लिए नुकसानदायक साबित हुआ।”