काबुल: अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने शनिवार तड़के एक दर्दनाक घटना की पुष्टि की है. बोर्ड के अनुसार, पाकिस्तान की ओर से किए गए हमले में अफगानिस्तान के तीन क्रिकेटरों की मौत हो गई. इस हमले के बाद अफगानिस्तान ने पाकिस्तान, श्रीलंका और अफगानिस्तान के बीच अगले महीने प्रस्तावित ट्राई सीरीज से हटने का फैसला लिया है.
एसीबी ने जताया शोक
ACB ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए जानकारी दी कि मारे गए क्रिकेटरों में कबीर, सिबगतुल्लाह और हारून शामिल हैं. बोर्ड ने इस घटना को अफगान खेल जगत और क्रिकेट समुदाय के लिए “बड़ी क्षति” बताया है.
बयान में कहा गया, ‘अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड, पक्तिका प्रांत के उरगुन जिले के बहादुर क्रिकेटरों की दुखद शहादत पर गहरा शोक व्यक्त करता है. इन्हें पाकिस्तानी शासन द्वारा किए गए कायरतापूर्ण हमले में निशाना बनाया गया. इस हमले में तीन क्रिकेटरों समेत आठ लोगों की मौत हुई है, जबकि सात अन्य घायल हुए हैं.’
जानकारी के मुताबिक, सभी खिलाड़ी पक्तिका प्रांत की राजधानी शाराना में एक मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच खेलकर उरगुन लौट रहे थे.वापसी के बाद एक स्थानीय सभा के दौरान उन्हें निशाना बनाया गया.

एसीबी ने पाकिस्तान के खिलाफ टी20 ट्राई सीरीज से नाम लिया वापस
इसी के साथ बोर्ड ने कहा कि यह हमला न सिर्फ खेल जगत के लिए, बल्कि अफगानिस्तान की युवा पीढ़ी की खेल भावना पर भी गहरा आघात है. साथ ही शहीद खिलाड़ियों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई.
इस त्रासदी के बाद ACB ने पाकिस्तान के खिलाफ नवंबर में होने वाली टी20 ट्राई सीरीज से नाम वापस ले लिया है. बोर्ड ने कहा कि यह फैसला शहीदों की याद में और उनके सम्मान में लिया गया है.
कप्तान राशिद खान ने एसीबी के फैसले का किया समर्थन
अफगानिस्तान टी20 टीम के कप्तान राशिद खान ने भी इस हमले पर गहरा दुख जताया और ACB के फैसले का समर्थन किया है. उन्होंने X पर लिखा, ‘हमारे निर्दोष साथियों की जान चली गई. इस कठिन समय में मैं अपने देश और अपने लोगों के साथ हूं. राष्ट्रीय गरिमा सबसे ऊपर है.’