न्यूयॉर्क मेयर के घर के पास संदिग्ध पैकेट मिलने से हड़कंप
अमेरिका के न्यूयॉर्क सिटी में मेयर ज़ोहरान ममदानी के आधिकारिक आवास ग्रेसी मेंशन के बाहर बम हमले की कोशिश का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद न्यूयॉर्क सिटी पुलिस विभाग (NYPD) ने दो संदिग्धों की पहचान कर ली है। पुलिस के अनुसार, दोनों को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है। इस बीच मेयर ज़ोहरान ममदानी और उनकी पत्नी रमा दुवाजी पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं। मेयर के प्रवक्ता ने जेक लैंग द्वारा आयोजित सभा को घृणित और इस्लाम विरोधी करार देते हुए कहा कि यह घटना मेयर और उनके परिवार को लगातार मिल रही धमकियों की याद दिलाती है।
स्वतंत्र समाचार एजेंसी फ्रीडमन्यूज़ की तरफ से साझा किए गए एक वीडियो में कथित तौर पर यह दिख रहा है कि गिरफ्तारी से कुछ समय पहले एक संदिग्ध दूसरे को एक संदिग्ध पैकेट देता है, जिसे बाद में विस्फोटक जैसा उपकरण बताया गया। इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने जांच को और तेज कर दिया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि बरामद उपकरण में काले टेप से लिपटा एक जार था। इस जार के अंदर नट, बोल्ट, पेंच और एक फ्यूज जैसी चीजें भरी हुई थीं। बताया जा रहा है कि यह घटना उस समय हुई जब रमजान के दौरान दक्षिणपंथी प्रभावशाली व्यक्ति जेक लैंग की तरफ से आयोजित इस्लाम विरोधी प्रदर्शन के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया था। इस प्रदर्शन के जवाब में बड़ी संख्या में लोग विरोध जताने के लिए भी वहां पहुंचे थे। दोनों पक्षों के बीच झड़प के दौरान हालात अचानक बिगड़ गए और इसी दौरान दो संदिग्ध उपकरणों में आग लगाने की कोशिश की गई।
एनवाईपीडी की पुलिस कमिश्नर जेसिका एस. टिस्क ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि बरामद उपकरण का आकार फुटबॉल से थोड़ा छोटा था। फिलहाल विशेषज्ञों की टीम यह जांच कर रही है कि यह असली विस्फोटक था या सिर्फ डर फैलाने के लिए बनाया गया नकली उपकरण। उन्होंने कहा कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटनास्थल पर कुछ देर के लिए आग की लपटें और धुआं भी दिखाई दिया था, जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
रिपोर्ट के अनुसार, घटना के करीब 20 मिनट बाद एक 18 वर्षीय प्रदर्शनकारी ने एक जलती हुई वस्तु विरोध कर रहे लोगों की तरफ फेंकी, जो पास की सड़क पर जाकर गिरी। इसके बाद उसने अपने 19 वर्षीय साथी से दूसरा उपकरण लाने को कहा। बताया जा रहा है कि उसने दूसरी ज्वलनशील वस्तु में भी आग लगाई, लेकिन पुलिस के आगे बढ़ने पर उसे सड़क पर ही फेंक दिया।
पुलिस ने इस मामले में छापेमारी के दौरान कुल छह लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें ये दोनों संदिग्ध भी शामिल हैं। फिलहाल सभी से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
नई दिल्ली: यूरोप के कई देशों में आर्थिक दबाव, बढ़ती जीवन-यापन लागत और सरकारी नीतियों…
नई दिल्ली: भारत में अपराध करने के बाद कुछ आरोपी नेपाल की ओर भागने की…
नई दिल्ली: सुबह आंख खुलते ही मोबाइल चेक करना, खाना खाते वक्त वीडियो देखना और…
नई दिल्ली: शरद पूर्णिमा की चांदनी को लेकर भारत के अलग-अलग हिस्सों में कई मान्यताएं…
नई दिल्ली: जियो के आईपीओ की चर्चा के बीच शेयर बाजार में निवेश करने वाले…
नई दिल्ली: समुद्र में उठने वाला चक्रवाती तूफान तबाही मचा सकता है, लेकिन उसका नाम…