भारतीय टीम के टी-20 कप्तान सूर्यकुमार यादव का एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 सीरीज में 2-1 से जीत हासिल करने के बाद उन्होंने ट्रॉफी विवाद पर खुलकर अपनी बात रखी. पांचवां और अंतिम मैच बारिश के कारण रद्द हो गया, जिससे टीम इंडिया को सीरीज जीतने में फायदा हुआ.
सीरीज जीत के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार यादव ने कहा, “आखिरकार ट्रॉफी छूकर बहुत अच्छा लगा.जब मुझे सीरीज जीतने पर ट्रॉफी दी गई, तो उसे अपने हाथों में महसूस करना बहुत खास अनुभव था. कुछ दिन पहले हमारी महिला टीम ने वर्ल्ड कप जीता था, वह ट्रॉफी भी घर आ गई थी. अब यह ट्रॉफी भी छूकर बहुत अच्छा लग रहा है.”
इस मौके पर उन्होंने पाकिस्तान के मोहसिन नकवी पर भी तंज किया. याद दिला दें कि एशिया कप में भारत ने पाकिस्तान पर बड़ी जीत दर्ज की थी और खिताब अपने नाम किया था, लेकिन ट्रॉफी भारत को नहीं दी गई थी क्योंकि पाकिस्तान इसे टीम इंडिया को नहीं सौंपना चाहता था. टी-20 सीरीज की जीत के साथ भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद लगातार सातवीं ट्रॉफी अपने नाम की है.