लखनऊ। उत्तर प्रदेश की क्रिकेट टीम के लिए मौजूदा घरेलू सीजन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा है। रणजी ट्रॉफी में यूपी क्रिकेट पटरी से उतरता हुआ नजर आ रहा है, वहीं सैयद अली मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी में भी टीम एक बार फिर नाकाम साबित हुई है। ऐसे हालात में अब विजय हजारे ट्रॉफी से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद लगाई जा रही है।
विजय हजारे ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश की कमान स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह के हाथों में होगी। आगामी टी-20 विश्व कप से पहले रिंकू सिंह के पास एक बार फिर अपनी लय हासिल करने का अहम मौका होगा।
रणजी ट्रॉफी 2025-26 सीजन में यूपी का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। हालांकि इस बीच रिंकू सिंह ने अपनी दमदार बल्लेबाजी से उम्मीद की किरण जरूर जगाई। उन्होंने आंध्र प्रदेश के खिलाफ 165 रन और तमिलनाडु के खिलाफ 176 रन की शानदार पारियां खेलकर अपनी दावेदारी मजबूती से पेश की थी। इसके बावजूद यूपी टीम अब भी रणजी ट्रॉफी के नॉकआउट में पहुंचने के लिए संघर्ष कर रही है।
अब सभी की निगाहें विजय हजारे ट्रॉफी पर टिकी हैं, जहां रिंकू सिंह नेतृत्व की जिम्मेदारी निभाते नजर आएंगे। फरवरी में होने वाले टी-20 विश्व कप को देखते हुए यह टूर्नामेंट उनके लिए बेहद अहम माना जा रहा है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज में उन्हें मौका नहीं मिला था, जिससे उनके भविष्य को लेकर सवाल उठने लगे थे, लेकिन टी-20 विश्व कप टीम में एक बार फिर शामिल किए जाने से साफ है कि चयनकर्ताओं को उन पर भरोसा कायम है।
यूपी टीम का पूरा शेड्यूल
- 24 दिसंबर: यूपी VS हैदराबाद
- 26 दिसंबर: यूपी VS चंडीगढ़
- 29 दिसंबर: यूपी VS बड़ौदा
- 31 दिसंबर: यूपी VS असम
- 3 जनवरी: यूपी VS जम्मू-कश्मीर
- 6 जनवरी: यूपी VS विदर्भ
- 8 जनवरी: यूपी VS बंगाल
शुरुआती करियर और घरेलू क्रिकेट पर एक नजर
रिंकू सिंह ने महज 16 वर्ष की उम्र में वर्ष 2014 में उत्तर प्रदेश के लिए लिस्ट-ए क्रिकेट में डेब्यू किया। अपने पहले ही मुकाबले में उनके बल्ले से अहम रन निकले, जिसने यूपी के चयनकर्ताओं को उनकी प्रतिभा का कायल बना दिया।
2018-19 रणजी ट्रॉफी सीजन रिंकू सिंह के करियर के लिए मील का पत्थर साबित हुआ। इस सीजन में उन्होंने 10 मैचों में 953 रन बनाकर न सिर्फ अपनी निरंतरता साबित की, बल्कि उत्तर प्रदेश की बल्लेबाजी की रीढ़ के रूप में खुद को स्थापित किया।
आईपीएल 2018 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने रिंकू सिंह को 80 लाख रुपये में अपनी टीम से जोड़ा, जिसके बाद उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलनी शुरू हुई।
हालांकि, 9 अप्रैल 2023 को गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए ऐतिहासिक मुकाबले ने रिंकू सिंह को क्रिकेट जगत में अलग ही मुकाम दिला दिया। आखिरी ओवर में यश दयाल की गेंदों पर लगातार पांच छक्के जड़कर रिंकू ने केकेआर को एक चमत्कारी जीत दिलाई और खुद को मैच का हीरो बना दिया।
इस ऐतिहासिक पारी के बाद रिंकू सिंह की अहमियत और बढ़ गई। यही वजह रही कि आईपीएल 2025 से पहले केकेआर ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें 13 करोड़ रुपये में रिटेन किया।
अंतरराष्ट्रीय करियर पर एक नजर
- 18 अगस्त 2023 को रिंकू सिंह ने आयरलैंड के खिलाफ टी-20 इंटरनेशनल में भारत के लिए डेब्यू कर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा।
- डेब्यू के बाद ही रिंकू सिंह ने खुद को भारतीय टीम के भरोसेमंद फिनिशर के तौर पर स्थापित किया। सीमित ओवरों के क्रिकेट में उन्होंने 50 से अधिक की औसत और उच्च स्ट्राइक रेट के साथ लगातार उपयोगी पारियां खेलीं।
- रिंकू सिंह ने अब तक वनडे और टी-20 इंटरनेशनल, दोनों प्रारूपों में भारत का प्रतिनिधित्व कर अपनी बहुआयामी उपयोगिता साबित की है।