कांग्रेस नेता राहुल गांधी विदेशी दौरे पर जाएं और देश में मुद्दा ना बने ऐसा पिछले कुछ वर्षों में तो नहीं हुआ है. एक बार फिर राहुल गांधी विदेशी यात्रा पर हैं. जिसको लेकर बीजेपी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है.
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी अपनी दक्षिण अमेरिका की यात्रा पर हैं. वहां वे ब्राजील और कोलंबिया समेत 4 देशों की यात्रा करेंगे. कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने एक्स पर पोस्ट करते हुए जानकारी दी कि ‘लोक सभा में नेता प्रतिपक्ष, श्री राहुल गांधी, दक्षिण अमेरिका के चार देशों की यात्रा पर हैं. वहां वे राजनैतिक नेताओं, विश्विद्यालयों के छात्रों एवं उद्योग व व्यापार जगत के सदस्यों से संवाद करेंगे.’
बीजेपी का हमला
अब जैसा कि होता आया है राहुल गांधी की विदेश यात्रा पर बीजेपी ने हमला करने में देर नहीं की. बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी की इस यात्रा पर तीखा हमला करते हुए एक्स पर लिखा कि ‘राहुल गांधी एक और विदेशी दौरे पर चल पड़े हैं. वे दक्षिण अमेरिका को रवाना हो गये हैं. देखना होगा कि इस बार वे बंद कमरों में किस नए भारत विरोधी तत्व से मुलाकात करेंगे. राहुल भारतीय लोकतंत्र और इंडियन स्टेट के खिलाफ लड़ना चाहते हैं. वे इसके लिए वैश्विक गठजोड़ बना रहे हैं और इसमें उनके मेंटर जॉर्ज सोरोस का हाथ हो सकता है.’
कांग्रेस का रूख ?
वहीं कांग्रेस का कहना है कि इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी युवाओं और कारोबारियों से सीधा संवाद करके भारत की सोच और दृष्टिकोण को साझा करेंगे. साथ ही वे इन देशों के अनुभवों और चुनौतियों से भी सीखने की कोशिश करेंगे. उनका उद्देश्य न सिर्फ भारत और दक्षिण अमेरिका के देशों के बीच रिश्तों को और गहरा करना है, बल्कि सामाजिक-आर्थिक मुद्दों पर विचार-विमर्श करना भी है.
यह पहला मौका नहीं है जब राहुल गांधी विदेश यात्रा पर युवाओं और नेताओं से संवाद कर रहे हों. इससे पहले भी वे अमेरिका और यूरोप के कई विश्वविद्यालयों में व्याख्यान देकर भारतीय राजनीति और लोकतंत्र पर अपने विचार रख चुके हैं. अभी हाल ही में राहुल गांधी मलेशिया के दौरे पर गए थे जिस पर बीजेपी के कुछ नेताओं ने टिप्पणी की थी.